Hamirpur News: राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान हमीरपुर के हिमगिरि और उदयगिरि हॉस्टल में चोरी की वारदात सामने आई है। कमरों में घुसकर नकदी चुराने वाले एक बाहरी युवक को मौके पर ही धर दबोचा गया। आरोपी की पहचान दिल्ली निवासी आदित्य चौधरी के रूप में हुई है, जिसे पुलिस को सौंपा गया।
कमरे से बाहर निकलते समय हॉस्टल अटेंडेंट की पड़ी नजर
हिमगिरि छात्रावास के कमरा नंबर जी-54 से बाहर निकलते समय केयरटेकर गुरभाग सिंह और मेस मैनेजर तेज कुमार ने आरोपी को संदिग्ध हालत में देखा। पूछताछ करने पर वह पहले खुद को आईआईटी मंडी का छात्र बताता रहा, लेकिन सख्ती से पूछने पर उसने दोनों हॉस्टलों में चोरी करने की बात मान ली।
नकदी समेत लैपटॉप और फर्जी दस्तावेज बरामद
आरोपी की तलाशी लेने पर उसके बैग से 21,510 रुपये की नकदी, दो एटीएम कार्ड, पहचान पत्र, पैन कार्ड, लैपटॉप, मोबाइल और बस टिकट बरामद हुए। इसी दौरान पीड़ित छात्रों ने भी मौके पर पहुंचकर अपने कमरों से पैसे गायब होने की पुष्टि की, जिससे उसकी चोरी की पोल खुल गई।
सदर पुलिस स्टेशन में केस दर्ज, आगे की जांच तेज
सहायक वार्डन डॉ. नीरज धीमान की मौजूदगी में आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया गया। सदर थाना हमीरपुर ने आरोपी युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। एसपी बलबीर सिंह ने पुष्टि करते हुए कहा कि आरोपी से पूछताछ जारी है ताकि नेटवर्क का पता लग सके।