मझींन के बलड़ी से तीन बच्चों की मां रहस्यमयी तरीके से लापता, गहने और रसोई के बर्तन भी साथ ले गई

Share

- Advertisement -

Jwalamukhi News: मझींन उपतहसील के अंतर्गत बलड़ी गांव से तीन बच्चों की मां अचानक लापता हो गई है। महिला अपने साथ सोने-चांदी के जेवर और रसोई के बर्तन भी ले गई है। सास की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

कांगड़ा जिले के देहरा पुलिस जिले के तहत मझींन के बलड़ी गांव की पूजा देवी 27 सितंबर से लापता है। सास सरला देवी ने पुलिस थाने में बहू की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई है। एसपी देहरा संदीप धवल ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शिकायतकर्ता सरला देवी के अनुसार उनके बेटे श्रवण कुमार का विवाह करीब 15 साल पहले हुआ था। पूजा देवी मूल रूप से नेपाल की रहने वाली है। उसके तीन बच्चे हैं, जिनमें दो बेटे और एक बेटी शामिल हैं। मां के अचानक लापता होने से बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।

लापता होने से पहले जेवरात और बर्तन साथ ले गई महिला

सास सरला देवी ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा पेशे से ड्राइवर है। बहू के घर छोड़ने के बाद अलमारी की जांच की गई। कमरे से करीब 30 ग्राम सोना और 200 ग्राम चांदी के गहने गायब मिले। इसके अलावा वह रसोई के जरूरी बर्तन भी अपने साथ समेटकर ले गई है।

गांव में हुई पड़ताल से पता चला कि महिला ने जाने से पहले बाजार में खरीदारी भी की थी। उसने मझींन के सुनार जगदीश चंद से उधार पर सोने की नोज पिन ली। इसके बाद उसने दुकानदार अश्वनी कुमार की मोबाइल शॉप से एक नया सिम कार्ड भी खरीदा और फिर कहीं चली गई।

पुलिस टीम अब बस स्टैंड और बाजार के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके साथ ही मोबाइल नंबर की कॉल डिटेल रिकॉर्ड की भी जांच हो रही है। परिजनों ने पुलिस प्रशासन से महिला को जल्द ढूंढने और परिवार को सुरक्षित लौटाने की गुहार लगाई है।

Editor: Mukesh Kumar, Jwalamukhi

Right News Desk
Right News Desk
लॉ और पत्रकारिता स्नातक, पत्रकारिता में 11 वर्ष का अनुभव

Read more

Related News