Kullu News: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में आनी थाना पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर 88 ग्राम चरस और 192 बोतल अवैध देशी शराब बरामद की है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
किराये के कमरों और शटरों में मारी रेड
पुलिस को 28 जुलाई 2026 को अवैध नशे की खेप छुपाने की सटीक सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने दलाश मेला ग्राउंड के नीचे और आनी-दलाश रोड के पास स्थित 8 किराये के कमरों और 2 शटरों में अचानक दबिश दी। तलाशी के दौरान परिसर से नशीले पदार्थ और शराब का जखीरा बरामद हुआ।
आरोपी पर एनडीपीएस और आबकारी एक्ट में केस
पुलिस के अनुसार इस परिसर को आनी के डहैर गांव निवासी संजीत कुमार (49 वर्ष) पुत्र माया राम ने किराये पर लिया था। आरोपी के कब्जे से 88 ग्राम चरस और ‘ऊना नं. 1’ देशी शराब की 16 पेटियां बरामद हुईं। आनी थाना पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 और आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है।
पुलिस ने की आमजन से सहयोग की अपील
कुल्लू जिला पुलिस ने आम लोगों से नशे के खिलाफ जारी अभियान में सहयोग देने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि मादक पदार्थों की तस्करी या अवैध शराब के कारोबार की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम और पहचान पूरी तरह से गुप्त रखी जाएगी।