Mumbai News: मुंबई के हाई-प्रोफाइल और प्रतिष्ठित क्लबों में खाने-पीने की चीज़ों में भारी लापरवाही सामने आई है। महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने खाद्य सुरक्षा नियमों के गंभीर उल्लंघन पर कड़ा रुख अपनाया है।
FDA ने मुंबई के पांच प्रमुख क्लबों के लाइसेंस सस्पेंड कर दिए हैं। वहीं मलाड स्थित गोरेगांव स्पोर्ट्स क्लब को बिना वैध लाइसेंस के चलने के कारण अपना खाद्य कारोबार तुरंत बंद करने का सख्त निर्देश दिया है।
यह कार्रवाई 27 जुलाई को ग्रेटर मुंबई में क्लब, कैंटीन और रेस्टोरेंट समेत सात संस्थानों में की गई जांच के बाद हुई। जिन क्लबों पर कार्रवाई हुई है उनमें द क्रिकेट क्लब ऑफ इंडिया, आरके जुहू जिमखाना, द अपर्णा जुहू जिमखाना, एमआईजी क्रिकेट क्लब और द विलिंगडन स्पोर्ट्स क्लब शामिल हैं।
किचन में मिले कॉकरोच और एक्सपायर्ड खाना
जांच के दौरान ‘द क्रिकेट क्लब ऑफ इंडिया’ की रसोई में जिंदा कॉकरोच और मक्खियां पाई गईं। इसके अलावा कोल्ड स्टोरेज से पानी टपकना, जाम नालियां, गंदी सब्जियां और एक्सपायर हो चुका सामान भी बरामद किया गया।
वहीं आरके जुहू जिमखाना में ड्रेनेज सिस्टम खराब पाया गया। खाना बनाने और परोसने वाले कर्मचारी ग्लव्स, कैप और एप्रन का इस्तेमाल नहीं कर रहे थे। इस्तेमाल किए जा रहे तेल का भी कोई रिकॉर्ड नहीं रखा गया था।
एमआईजी क्रिकेट क्लब में एक थर्ड-पार्टी कंपनी बिना वैध लाइसेंस के काम कर रही थी। विलिंगडन स्पोर्ट्स क्लब और द अपर्णा जुहू जिमखाना में जंग लगे उपकरण, गंदे फर्श और टूटी छत जैसी गंभीर कमियां पाई गईं।