Bilaspur News: हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के दाड़लाघाट क्षेत्र से पारिवारिक विवाद का एक मामला सामने आया है। एक बुजुर्ग महिला ने अपनी बहू पर मारपीट, गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने सुरक्षा की गुहार लगाते हुए पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
आधी रात को बुजुर्ग सास को घर से बाहर निकाला
दाड़लाघाट निवासी कांता देवी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 27 जुलाई की रात करीब 9:30 बजे उनकी बहू किरण देवी ने उनके साथ मारपीट की। मारपीट से उनके दोनों हाथों और शरीर पर चोटें आई हैं। आरोप है कि घटना के बाद बहू ने उन्हें आधी रात को ही घर से बाहर निकाल दिया।
पहले भी कई बार हो चुकी है मारपीट की घटना
कांता देवी ने शिकायत में कहा कि बहू किरण देवी पहले भी उनके साथ कई बार मारपीट कर चुकी है। इसकी शिकायत वह पहले पंचायत और पुलिस से कर चुकी हैं। पीड़िता का कहना है कि उन्हें अपनी बहू से जान का खतरा है और अब अपने ही घर में रहना बहुत मुश्किल हो गया है।
पुलिस ने कराया मेडिकल टेस्ट, जांच प्रक्रिया जारी
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मंगलवार को पीड़िता का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दाड़लाघाट में मेडिकल टेस्ट करवाया और बयान दर्ज किए। थाना प्रभारी पंकज शर्मा ने बताया कि फिलहाल एफआईआर दर्ज नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर कानूनी कार्रवाई करेगी।