Mandi News: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में सुंदरनगर पुलिस स्टेशन क्षेत्र के तहत एक घर में दिनदहाड़े चोरी का मामला सामने आया है। चोरों ने घर से करीब तीन लाख रुपए के सोने के गहने उड़ा लिए हैं। पीड़ित महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने पड़ोसी पर शक जताते हुए केस दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।
चार्जर मांगने के बहाने घर में घुसा था संदिग्ध
बल्ह तहसील के राजगढ़ की रहने वाली किरणा कुमारी ने पुलिस को बताया कि वह सोमवार को अपनी ननद के घर नाल गांव गई थी। जब वह छत पर कपड़े लेने गई, तो उसने पड़ोसी को बाहर निकलते देखा। बच्ची ने बताया कि वह व्यक्ति चार्जर मांगने आया था और कमरे में रखे पर्स को देख रहा था।
पर्स से गायब मिले तीन लाख के सोने के गहने
महिला ने जब अपना पर्स चेक किया, तो उसमें से 5 ग्राम का मंगलसूत्र, 8 ग्राम की सोने की चाक और 5-6 ग्राम के कान के कांटे गायब थे। इन सभी सोने के आभूषणों की कुल कीमत लगभग तीन लाख रुपए बताई जा रही है। महिला का कहना है कि उस समय वहां पड़ोसी के अलावा कोई दूसरा व्यक्ति नहीं आया था।
पुलिस ने केस दर्ज कर जांच की शुरू
मंडी के पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि महिला की शिकायत पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस घटनास्थल से सबूत जुटा रही है और मामले की गहराई से जांच में जुटी है। साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।