दिल्ली के एचआर प्रोफेशनल युवराज की गोली मारकर हत्या, पूर्व महिला सहकर्मी और पति उत्तराखंड से गिरफ्तार

Share

- Advertisement -

Delhi News: राजधानी दिल्ली के सरिता विहार निवासी 31 वर्षीय एचआर प्रोफेशनल युवराज सिंह मनचंदा की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए युवराज की पूर्व सहकर्मी अन्या वत्स और उसके पति संयम सचदेवा को उत्तराखंड से गिरफ्तार कर लिया है। शुरुआती जांच में पैसों का विवाद वजह बताया जा रहा है।

पुलिस जांच के अनुसार युवराज 6 सितंबर को परिजनों के साथ खरीदारी के बाद गुड़गांव में अन्या से मिलने पहुंचे थे। कार में बातचीत के दौरान दोनों पक्षों में तीखी बहस हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने युवराज को कार के भीतर ही गोली मार दी, जिससे उनकी मौके पर मौत हो गई।

शव को सात घंटे तक कार में घुमाया, नाले में फेंककर उत्तराखंड हुए फरार

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी दंपती ने साक्ष्य छिपाने के मकसद से शव को करीब सात घंटे तक कार में ही घुमाया। बाद में उन्होंने गुड़गांव में अपने घर के नजदीक सीवर नाले में शव फेंक दिया और वहां से भाग निकले। पुलिस के मुताबिक आरोपी दंपती बेरोजगार थे और उनका एक बच्चा भी है।

परिजनों द्वारा गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद पुलिस ने कॉल डिटेल और सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल की। तकनीकी निगरानी के जरिए पुलिस टीम ने उत्तराखंड में छापा मारकर दोनों आरोपियों को दबोच लिया। बादशाहपुर में नाले से मिले शव की शिनाख्त के बाद कोर्ट ने आरोपियों को पांच दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News