Delhi News: देश की राजधानी दिल्ली के स्वरूप नगर इलाके में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। कुशक रोड के पास एक खाली मैदान में 17 वर्षीय किशोरी का शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या की पुष्टि हुई है।
पुलिस को 13 सितंबर की सुबह मैदान में अज्ञात लड़की का शव पड़े होने की जानकारी मिली थी। फॉरेंसिक जांच के बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं और पॉक्सो कानून के तहत केस दर्ज किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ के लिए विशेष टीम बनाई।
सीसीटीवी फुटेज और संदिग्ध टेम्पो की मदद से 72 घंटे में खुला राज
जांच के दौरान पुलिस ने इलाके के 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। अंधेरे में घूमते दिखे एक संदिग्ध टेम्पो के रूट को ट्रैक करते हुए पुलिस खड्डा कॉलोनी पहुंची। वहां से वाहन चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिससे पूरे जघन्य हत्याकांड का खुलासा हो सका।
पुलिस ने मुख्य आरोपी शिवम उर्फ सुदामा के साथ 16 से 17 साल के तीन नाबालिगों को पकड़ा है। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त टेम्पो, दो चाकू और खून से सने कपड़े बरामद किए गए हैं। पूछताछ में सामने आया है कि एक नाबालिग आरोपी पीड़िता को पहले से जानता था।