Hamirpur News: हमीरपुर पुलिस ने देश विरोधी गतिविधियों के आरोप में पकड़े गए 21 वर्षीय युवक मोहम्मद हमजा को अदालत में पेश किया। तीन दिन का पुलिस रिमांड पूरा होने के बाद कोर्ट ने आरोपी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। आरोपी लंबे समय से दर्जी का काम कर रहा था।
खुफिया इनपुट्स के बाद पुलिस ने आरोपी को पकड़ा
सदर थाना पुलिस ने केंद्रीय और राज्य खुफिया एजेंसियों से मिले ठोस इनपुट्स के आधार पर सोमवार शाम कार्रवाई की थी। आरोपी उत्तर प्रदेश के सहारनपुर का रहने वाला है। वह हमीरपुर शहर की प्रताप गली में स्थित एक दुकान में टेलर का काम करता था। रिमांड में उससे कड़ी पूछताछ हुई।
सोशल मीडिया पर भड़काऊ सामग्री पोस्ट करने का आरोप
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स से कथित तौर पर देश विरोधी और भड़काऊ सामग्री शेयर कर रहा था। खुफिया एजेंसियों के अलर्ट पर पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया। एडिशनल एसपी राजेश उपाध्याय ने पुष्टि की कि आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजकर अगली कानूनी प्रक्रिया जारी है।