Delhi News: राजधानी में नशे के अवैध कारोबार पर दिल्ली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने ड्रग्स की दुनिया में लेडी डॉन और नारको किंगपिन के नाम से चर्चित पार्वती को उसके साथी सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में मादक पदार्थ, नकदी और लग्जरी कार जब्त की है।
इलाके की घोषित बैड कैरेक्टर है गिरफ्तार महिला
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक आरोपी महिला इलाके की चिन्हित बैड कैरेक्टर रही है। वह लंबे समय से नशे के अवैध सिंडिकेट और कई आपराधिक गतिविधियों को चला रही थी। स्थानीय ड्रग नेटवर्क में उसका गहरा प्रभाव था। पुलिस की टीमें अब पकड़े गए दोनों आरोपियों से जुड़े अन्य संपर्कों की गहनता से पड़ताल कर रही हैं।
कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम ने आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में ड्रग्स बरामद किए। इसके अलावा लाखों रुपये की नकदी और एक महंगी लग्जरी एसयूवी गाड़ी भी जब्त की गई। अधिकारियों के अनुसार यह संपत्ति पूरी तरह नशे के काले कारोबार की कमाई से जुटाई गई थी, जिसकी जांच जारी है।
काली कमाई की होगी विस्तृत फाइनेंशियल जांच
जांच अधिकारी अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर पूरे सप्लाई नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य चेहरों को बेनकाब करने में जुटे हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नशे के धंधे से बनाई गई करोड़ों की अवैध संपत्तियों की विस्तृत फाइनेंशियल जांच की जाएगी, ताकि पूरे नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त किया जा सके।
दिल्ली पुलिस सोशल मीडिया पर भी मादक पदार्थों का प्रचार करने वालों पर सख्त नजर रख रही है। बीते दिनों पुलिस ने सोशल मीडिया पर नशा करते हुए वीडियो डालने वाले एक युवक को भी दबोचा था। आरोपी के घर छापेमारी कर पुलिस ने 10.34 ग्राम स्मैक बरामद की थी।