सिरमौर में 150 फीट गहरी खाई पार कर मारकंडा नदी में गिरी कार, चमत्कारिक रूप से बचे छह श्रद्धालु

Share

- Advertisement -

Sirmaur News: हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में शुक्रवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। नाहन के पास श्रद्धालुओं की एक कार अनियंत्रित होकर 150 फीट गहरी खाई से होते हुए उफनती मारकंडा नदी में जा गिरी। हालांकि तेज बहाव के बीच कार सवार सभी छह लोग सुरक्षित बच गए।

हादसे का शिकार हुए सभी लोग पंजाब के रोपड़, नवांशहर और चंडीगढ़ क्षेत्र के रहने वाले हैं। यह परिवार उत्तराखंड में नीम करोली बाबा के दर्शन कर घर लौट रहा था। शुक्रवार सुबह करीब छह बजे जैश फैक्टरी के तीखे मोड़ पर चालक ने कार पर से नियंत्रण खो दिया।

गाड़ी में तीन महिलाएं, एक बच्चा और दो पुरुष सवार थे। तेज आवाज सुनकर स्थानीय ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे। तेजवीर सिंह, जगपाल और तनिष्क समेत कई युवाओं ने उफनती नदी में उतरकर बचाव अभियान शुरू किया। ग्रामीणों ने जान जोखिम में डालकर सभी को बाहर निकाला और एंबुलेंस को सूचना दी।

हादसे में एक यात्री का पैर टूट गया, जबकि अन्य लोगों को हल्की चोटें आई हैं। सभी घायलों को तुरंत डॉ. यशवंत सिंह परमार मेडिकल कॉलेज नाहन पहुंचाया गया। अस्पताल में सभी का उपचार जारी है। प्रत्यक्षदर्शी और ग्रामीण सभी यात्रियों के सुरक्षित बचने को नीम करोली बाबा का चमत्कार मान रहे हैं।

सड़क सुरक्षा के इंतजाम न होने से लोगों में भारी आक्रोश

हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों का गुस्सा प्रशासन और लोक निर्माण विभाग पर फूट पड़ा। लगातार बारिश से सड़क काफी बदहाल हो चुकी है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि जानलेवा मोड़ और गहरी खाई होने के बावजूद सड़क पर क्रैश बैरियर और चेतावनी बोर्ड नहीं लगाए गए हैं, जिससे खतरे बढ़ रहे हैं।

कालाअंब-विक्रमबाग-पांवटा साहिब मार्ग पर रोजाना भारी वाहनों की आवाजाही रहती है। कई फैक्ट्रियां होने और उत्तराखंड के श्रद्धालुओं के आने-जाने से सड़क काफी व्यस्त रहती है। गड्ढों और बदहाल स्थिति के कारण वाहन चालकों को भारी जोखिम उठाना पड़ता है। स्थानीय लोगों ने विभाग से सुरक्षा बैरिकेड्स लगाने और सड़क मरम्मत की मांग की है।

Right News Desk
Right News Desk
लॉ और पत्रकारिता स्नातक, पत्रकारिता में 11 वर्ष का अनुभव

Read more

Related News