हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर में छुट्टी पर घर आए सेना के जवान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, पुलिस जांच शुरू

Share

- Advertisement -

Hamirpur News: हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले से बेहद दुखद खबर सामने आई है। बड़सर उपमंडल के लोहारली गांव में सेना के एक जवान का शव उनके घर में फंदे से लटका मिला। मृतक की पहचान 30 वर्षीय रवि कुमार के रूप में हुई है, जो रविवार को ही छुट्टी लेकर घर लौटे थे।

हमीरपुर के बड़सर में सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार

रविवार रात परिवार के साथ खाना खाने के बाद रवि अपने कमरे में सोने गए थे। सोमवार सुबह परिजनों ने उनका शव फंदे से लटका देखा। इसके बाद परिजनों ने तुरंत उन्हें नीचे उतारा और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मंगलवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। इसके बाद पूरे सैन्य सम्मान और गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार किया गया। जवान के निधन से पूरे इलाके में शोक की लहर छा गई है।

रवि कुमार शादीशुदा थे और अपने पीछे पत्नी व करीब ढाई साल के बेटे को छोड़ गए हैं। इस मामले पर एसपी हमीरपुर बलबीर सिंह ने बताया कि पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य सबूतों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Right News Desk
Right News Desk
लॉ और पत्रकारिता स्नातक, पत्रकारिता में 11 वर्ष का अनुभव

Read more

Related News