Kangra News: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में व्यस्त गग्गल चौक पर शनिवार शाम दिनदहाड़े लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। कार में आए अज्ञात बदमाशों ने बस का इंतजार कर रही एक बुजुर्ग महिला के गले से सोने की चेन झपट ली। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस सीसीटीवी की मदद से जांच कर रही है।
वारदात शनिवार शाम करीब 5:30 बजे गग्गल चौक के व्यस्त बाजार में हुई। बुजुर्ग महिला अपने पोते अकांक्ष मनकोटिया के साथ तियारा जाने के लिए बस का इंतजार कर रही थीं। तभी अचानक कार सवार लुटेरे वहां पहुंचे और झपट्टा मारकर महिला के गले से सोने की चेन छीन ली। अचानक हुए इस हमले से बाजार में अफरा-तफरी मच गई।
पोते ने पीछा कर नोट किया गाड़ी का नंबर
घटना के तुरंत बाद पीड़िता के पोते अकांक्ष मनकोटिया ने सूझबूझ दिखाई। उसने तेजी से भाग रहे आरोपियों की गाड़ी का पीछा करने की पूरी कोशिश की। लुटेरे तेजी से निकल गए, लेकिन अकांक्ष ने उनकी गाड़ी का नंबर (PB-11-4609) नोट कर लिया। इसके बाद पीड़िता के परिजनों ने तुरंत गग्गल पुलिस थाने जाकर पूरी घटना की लिखित शिकायत दर्ज कराई।
घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने पुलिस को बताया कि बदमाश दो कारों में सवार होकर आए थे। जिस गाड़ी में चेन स्नेचर भागे, उसके पीछे एक काले रंग की संदिग्ध कार भी चल रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों का मानना है कि वह गाड़ी भी बदमाशों के गिरोह की ही थी। हालांकि भीड़भाड़ होने के कारण उस दूसरी गाड़ी का नंबर कोई देख नहीं सका।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही गग्गल पुलिस
दिनदहाड़े भीड़भाड़ वाले इलाके में हुई इस वारदात से स्थानीय व्यापारियों और लोगों में गहरा रोष है। गग्गल पुलिस थाने के सब इंस्पेक्टर विद्यासागर ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि शिकायत दर्ज कर पुलिस टीम ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस गग्गल चौक और आसपास की सड़कों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दर्ज नंबर के आधार पर गाड़ियों और संदिग्धों की तलाश तेज कर दी गई है। भागने के सभी संभावित रास्तों पर निगरानी रखी जा रही है। जांच अधिकारी ने दावा किया कि गाड़ी नंबर के सुराग से लुटेरों की पहचान कर ली जाएगी और जल्द ही पूरे गिरोह को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।