उत्तर प्रदेश में दवाओं और मेडिकल उपकरणों के दामों में भारी खेल, 74 रुपये का इंजेक्शन 4,980 में बिका

Share

- Advertisement -

Lucknow News: उत्तर प्रदेश के अस्पतालों में मरीजों से दवाओं और उपकरणों के नाम पर मनमाना पैसा वसूला जा रहा है। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) की पड़ताल में 214 मेडिकल स्टोर्स पर खरीद और बिक्री दरों में 67 गुना तक का भारी अंतर सामने आया है। इस खेल से मरीजों की जेब कट रही है।

एफएसडीए ने राज्य की 214 फार्मेसी दुकानों से डेटा जुटाकर करीब 130 प्रमुख दवाओं का विश्लेषण किया। रिपोर्ट के मुताबिक 36 दवाओं की खरीद लागत तय एमआरपी से भी काफी अधिक दर्ज की गई। गंभीर संक्रमण, आईसीयू और आपातकालीन स्थिति में इस्तेमाल होने वाले महत्वपूर्ण जीवनरक्षक इंजेक्शनों में सबसे अधिक मुनाफाखोरी पाई गई।

74 रुपये का इंजेक्शन 4,980 रुपये में बिका

बैक्टीरियल संक्रमण में काम आने वाले पॉलीमाइक्सिन-बी इंजेक्शन के दामों में सबसे बड़ा अंतर मिला। अस्पताल ने यह इंजेक्शन केवल 74.09 रुपये में खरीदा और उस पर 4,980.94 रुपये की एमआरपी वसूली। इसी तरह लिवर की गंभीर बीमारी का 56 रुपये वाला इंजेक्शन मरीजों को 3,050 रुपये में बेचा गया।

जांच में जीवनरक्षक दवाओं के साथ मेडिकल उपकरणों की दरों में भी बड़ा फर्जीवाड़ा मिला। थ्री-वे स्टॉप कॉक की खरीद दर 6.40 रुपये थी, जबकि मरीजों से 163 रुपये वसूले गए। यह खरीद से 25 गुना ज्यादा है। एक अन्य सर्जिकल उपकरण 20.95 रुपये में खरीदकर 500 रुपये में बेचा गया।

अस्पतालों में मोनोपॉली से मरीजों की बढ़ रही परेशानी

निजी अस्पतालों के मेडिकल स्टोर्स में अक्सर ऐसे ब्रांड रखे जाते हैं, जो सामान्य बाजार में नहीं मिलते। मरीजों को यह सामान अस्पताल के अंदर से ही खरीदना पड़ता है। एकाधिकार होने से अस्पताल मनचाही एमआरपी तय करते हैं। विकल्प न होने से तीमारदार असली कीमत जाने बिना मजबूरी में भुगतान करते हैं।

बैक्टीरियल संक्रमण की मेरोपेनेम 1 ग्राम दवा के विभिन्न ब्रांड्स में खरीद और एमआरपी का अंतर 5 से 10 गुना तक रहा। फंगल संक्रमण की कैस्पोफंगिन 70 एमजी दवा 800 रुपये में खरीदकर 21,230 रुपये में बेची गई। कैंसर और अन्य गंभीर बीमारियों की दवाओं में भी कंपनियों और अस्पतालों का यही हाल दिखा।

Suresh Kumar
Suresh Kumar
क्रिमिनल लॉयर, पत्रकारिता में 13 वर्ष का अनुभव

Read more

Related News