Delhi News: पूर्वी दिल्ली के कल्याणपुरी इलाके में रविवार (16 अगस्त) को एक सफाई कर्मचारी की चाकू से गोदकर दर्दनाक हत्या कर दी गई. इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया. मृतक की पहचान अनिल के रूप में हुई है, जो इलाके में सफाई का काम करता था.
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय निवासियों और साथी सफाई कर्मचारियों में भारी गुस्सा फैल गया है. रविवार सुबह किसी बात को लेकर एक अज्ञात हमलावर ने अनिल पर चाकू से कई ताबड़तोड़ वार कर दिए. लहूलुहान हालत में पीड़ित जमीन पर गिर पड़ा और आरोपी वारदात के बाद तुरंत फरार हो गया.
चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हुए और पुलिस को घटना की सूचना दी. पुलिस ने तुरंत घायल अनिल को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में भिजवा दिया.
पुलिस ने मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की हैं. हत्या के पीछे की असल वजह का अभी खुलासा नहीं हो पाया है. पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावर का कोई सुराग मिल सके और उसकी पहचान की जा सके.
कल्याणपुरी में हुई इस जघन्य हत्या के बाद आम आदमी पार्टी के स्थानीय विधायक कुलदीप कुमार ने बीजेपी सरकार पर जमकर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि राजधानी में खुलेआम सफाई कर्मचारी का कत्ल होना बेहद चिंताजनक है और इससे आम आदमी की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं.
विधायक कुलदीप कुमार ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, ‘दिल्ली में अपराधियों के हौसले बुलंद!. आज सुबह कल्याणपुरी में एक सफाई कर्मचारी की चाकू मारकर खुलेआम हत्या कर दी गई। यह घटना बेहद दर्दनाक और चिंताजनक है. बीजेपी सरकार के आने के बाद दिल्ली में लगातार हत्या, लूट और अपराध की घटनाएं सामने आ रही हैं. अपराधियों में कानून का कोई डर नहीं बचा है’.
उन्होंने आगे सवाल उठाते हुए कहा, ‘दिल्ली की जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है. आखिर राजधानी में कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी किसकी है?. दिल्ली को अपराधियों के हवाले नहीं छोड़ा जा सकता. सरकार को जवाब देना होगा और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई करनी होगी’. उधर पुलिस का दावा है कि आरोपी को जल्द पकड़ लिया जाएगा.