मैक्लोडगंज के कैफे में रेव पार्टी पर पुलिस का छापा, चरस और चिट्टे के साथ दो आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी

Share

- Advertisement -

Dharamshala News: पर्यटन नगरी धर्मशाला के ऊपरी भागसूनाग में स्थित एक कैफे में देर रात रेव पार्टी के दौरान पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने मौके से चरस, चिट्टा, गांजा और बीयर बरामद कर दो आरोपियों को पकड़ा है। अब पुलिस नशा तस्करी के पूरे नेटवर्क और सप्लाई चेन की गहराई से जांच कर रही है।

मैक्लोडगंज थाना पुलिस ने देर रात ऊपरी भागसूनाग के ‘जंगल कॉलिंग कैफे’ में छापेमारी की थी। कार्रवाई में पुलिस ने 25.94 ग्राम चरस, 1.25 ग्राम चिट्टा, 5.35 ग्राम गांजा और बीयर के 19 कैन जब्त किए। पुलिस ने कैफे संचालक राकेश कुमार और विजित भट्टाचार्य के खिलाफ एनडीपीएस और आबकारी एक्ट में केस दर्ज किया है।

मामले में पकड़े गए दोनों आरोपी बाहरी क्षेत्रों के रहने वाले हैं। इनमें मंडी जिले का धर्मपुर निवासी राकेश और कोलकाता का विजित भट्टाचार्य शामिल है। पुलिस दोनों से गहन पूछताछ कर रही है। अधिकारी पता लगा रहे हैं कि क्षेत्र में यह नशा कहां से आया और इस पूरे नेटवर्क में और कौन शामिल है।

पर्यटन नगरी धर्मशाला में पश्चिम बंगाल, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और मुंबई समेत कई राज्यों के लोग कारोबार करते हैं। धर्मकोट और भागसूनाग में रेव पार्टियों और नशीले पदार्थों की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इसके बाद पुलिस ने गश्त, नाकाबंदी और चेकिंग तेज कर दी है ताकि पर्यटन की आड़ में नशा कारोबार रोका जा सके।

डीआईजी नॉर्थ जोन सौम्या सांबशिवन ने कहा कि मामले की गहन जांच की जा रही है। दोनों आरोपियों से पूछताछ के माध्यम से नशीले पदार्थों के स्रोत और सप्लाई नेटवर्क का पता लगाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि धर्मशाला-मैक्लोडगंज पर्यटन क्षेत्र है और यहां नशे की तस्करी या रेव पार्टी की आड़ में किसी भी तरह की अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

डीआईजी ने आगे कहा कि पुलिस को ऐसे मामलों में लगातार जांच, नाके और छापेमारी करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। क्षेत्र में नशे के खिलाफ यह विशेष अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा। बरामद माल की कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के साथ ही स्थानीय होटलों और कैफे पर पैनी नजर रखी जा रही है।

Right News Desk
Right News Desk
लॉ और पत्रकारिता स्नातक, पत्रकारिता में 11 वर्ष का अनुभव

Read more

Related News