Bilaspur News: बिलासपुर जिले के उपमंडल स्वारघाट में 12 अगस्त से लापता एक युवक का शव खेत में मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान तंबोल पंचायत के बनेर गांव निवासी महिंद्र पाल के रूप में हुई है। पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
परिजनों की तलाश और पुलिस का सर्च ऑपरेशन
परिजनों के अनुसार महिंद्र पाल पिछले कई दिनों से बिना बताए लापता था। काफी खोजबीन के बाद जब कोई सुराग नहीं मिला, तो उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई थी। इसके बाद पुलिस की विशेष टीमों ने अलग-अलग इलाकों में सर्च ऑपरेशन चलाया था, लेकिन युवक का कोई पता नहीं चल पाया था।
बुधवार को युवक का शव उसके घर से कुछ ही दूरी पर स्थित एक खेत में बरामद हुआ। खेत में शव मिलने की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। मृतक के चाचा और अन्य परिजनों ने मौके पर आकर शव की शिनाख्त की। पुलिस अब मौत के सही कारणों का पता लगाने में जुटी है।