Delhi News: लोकप्रिय मैसेजिंग प्लेटफॉर्म वॉट्सऐप अपने यूजर्स की सुरक्षा को मजबूत करने के लिए एक नए फीचर पर काम कर रहा है। कंपनी टू-स्टेप वेरिफिकेशन में मिलने वाले 6 अंकों के न्यूमेरिक पिन को बदलकर एक सुरक्षित अकाउंट पासवर्ड लाने की योजना बना रही है।
रिपोर्ट्स के अनुसार यह नया पासवर्ड फीचर पूरी तरह से वैकल्पिक रहेगा। जो यूजर्स टू-स्टेप वेरिफिकेशन का उपयोग नहीं करते, उन पर इस बदलाव का कोई असर नहीं पड़ेगा। इस फीचर के लागू होने से प्लेटफॉर्म पर संवेदनशील डेटा शेयर करने वाले यूजर्स को अधिक सुरक्षा मिलेगी।
अक्षरों और अंकों को मिलाकर बना सकेंगे नया पासवर्ड
नए सिक्योरिटी अपडेट के बाद यूजर्स अपने अकाउंट में अक्षरों और नंबरों को मिलाकर एक मजबूत पासवर्ड सेट कर सकेंगे। फिलहाल यह फीचर विकास के शुरुआती चरण में है और इसे बीटा टेस्टर्स के लिए जारी नहीं किया गया है। टेस्टिंग के दौरान इसमें बदलाव या इसे रद्द भी किया जा सकता है।
मौजूदा समय में यूजर्स ऐप की सेटिंग्स में जाकर अकाउंट ऑप्शन के तहत टू-स्टेप वेरिफिकेशन को ऑन या ऑफ कर सकते हैं। इसके साथ ही पिन बदलने और अपने रजिस्टर्ड ईमेल एड्रेस को अपडेट करने का विकल्प भी वहीं उपलब्ध रहता है।
वॉट्सऐप पर जल्द देखने को मिल सकते हैं कई नए फीचर्स
वॉट्सऐप अपने एंड्रॉयड और आईओएस वर्जन में यूजरनेम सपोर्ट जोड़ने की तैयारी भी कर रहा है। यह फीचर फिलहाल कुछ ही यूजर्स के लिए उपलब्ध कराया गया है। इसके जरिए फोन नंबर शेयर किए बिना भी दूसरे लोगों से बातचीत करना आसान हो जाएगा।
इसके अलावा आईओएस यूजर्स के लिए एक नया शॉर्टकट फीचर भी जोड़ा गया है। इसकी मदद से यूजर्स वॉइस या वीडियो कॉल के दौरान ऐपल के माइक्रोफोन मोड को आसानी से स्विच कर सकेंगे। इससे कॉलिंग के दौरान यूजर एक्सपीरियंस में सुधार देखने को मिलेगा।