Shimla News: शिमला जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस का कड़ा अभियान लगातार जारी है। रामपुर बुशहर क्षेत्र में झाकड़ी थाना पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान तीन स्थानीय युवकों को चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एनडीपीएस कानून के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के विशेष नशा विरोधी अभियान के तहत झाकड़ी थाना की टीम ने धार गौरा के पास डोई खड्ड में नाका लगाया था। टीम वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों की सघन जांच कर रही थी। इसी दौरान रोके गए एक वाहन की तलाशी लेने पर सवार युवकों से 3.29 ग्राम चिट्टा मिला।
तीनों आरोपी गिरफ्तार, बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की जांच शुरू
पुलिस ने नशीला पदार्थ जब्त कर तीनों युवकों को हिरासत में ले लिया। आरोपियों की पहचान हितेश ठाकुर (32), बलदेव (30) और विशाल (29) के रूप में हुई है, जो रामपुर के ही रहने वाले हैं। पुलिस अब आरोपियों के पूरे सप्लायर नेटवर्क और डिलीवरी रूट की पड़ताल कर रही है।
