Chamba News: चुराह क्षेत्र में 11वीं कक्षा की नाबालिग छात्रा से शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने और बद्दी में बेचने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी चम्बा जिला अदालत में जमानत लेने पहुंचा था। याचिका खारिज होते ही पुलिस ने उसे तुरंत दबोच लिया।
सुलाना गांव निवासी आरोपी शुभम ठाकुर के खिलाफ तीसा थाने में पोक्सो एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ था। इसके बाद से ही वह पुलिस से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। तीसा पुलिस की स्पेशल टीमें उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थीं।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी राहत पाने के लिए चम्बा कोर्ट में याचिका दायर कर रहा है। अदालत ने केस की गंभीरता देखकर उसकी जमानत अर्जी खारिज कर दी। जैसे ही आरोपी अदालत परिसर से भागने लगा, पहले से घात लगाए बैठी पुलिस टीम ने उसे मौके पर पकड़ लिया।
पुलिस आरोपी को तीसा थाने लेकर आई और सभी कागजी कार्रवाई पूरी की। सलूणी के एसडीपीओ रंजन शर्मा ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी को गुरुवार को अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस अधिकारी कोर्ट से आरोपी का पुलिस रिमांड मांगेंगे ताकि मामले की गहन पूछताछ हो सके।