Bilaspur News: बिलासपुर पुलिस की स्पेशल डिटेक्शन टीम ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने पंजाब के अमृतसर से हिमाचल के बिलासपुर तक सक्रिय नशे के नेटवर्क को ध्वस्त करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से भारी मात्रा में चिट्टा और नकदी बरामद हुई है।
नाकाबंदी के दौरान टैक्सी से बरामद हुआ नशा और कैश
पुलिस टीम ने झंडूता क्षेत्र के धराड़सानी में नाकाबंदी के दौरान एक टैक्सी को जांच के लिए रोका। तलाशी लेने पर वाहन सवार पांच लोगों के पास से करीब 132 ग्राम चिट्टा और दो लाख रुपये नकद बरामद हुए। पुलिस ने सभी आरोपियों को तुरंत हिरासत में ले लिया और मामला दर्ज किया।
गिरफ्तार आरोपियों में पंजाब के अमृतसर निवासी रणजीत सिंह, विशाल सिंह और आकाशदीप शामिल हैं। इनके साथ बिलासपुर के स्थानीय निवासी रविंद्र कुमार और आशुतोष चंदेल को भी पकड़ा गया। प्राथमिक जांच में सामने आया कि यह गिरोह अमृतसर से सीधे बिलासपुर तक नशे की बड़ी खेप पहुंचाता था।
घरों में दबिश और कई क्षेत्रों में फैला नेटवर्क
आरोपियों से पूछताछ के बाद पुलिस ने स्थानीय पैडलर्स के घरों पर दबिश दी। बैहना जट्टां में आशुतोष के घर से 41 ग्राम और घुमारवीं के दडयाणा में प्रवेश गुप्ता के घर से ढाई ग्राम चिट्टा मिला। इस पूरी कार्रवाई में पुलिस ने कुल 175.5 ग्राम मादक पदार्थ जब्त किया है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि पकड़े गए तीन आरोपियों का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। यह सप्लाई नेटवर्क झंडूता, घुमारवीं और सदर क्षेत्र में सक्रिय था। पुलिस अधीक्षक अभिषेक धीमान ने बताया कि नेटवर्क के वित्तीय लेन-देन और अन्य जुड़े लोगों की गहन जांच जारी है।