बेंगलुरु सामूहिक हत्याकांड: सात लोगों की हत्या के आरोपी ड्राइवर ने पीड़ित के 10 वर्षीय बेटे को भी बनाया था निशाना

Share

- Advertisement -

Bengaluru News: बेंगलुरु में सात लोगों की हत्या के आरोपी कैब ड्राइवर इंदुशेखर के मामले में पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। आरोपी ने एक मृतक दंपती के 10 वर्षीय बेटे को तीर्थयात्रा का झांसा देकर कार में बैठा रखा था। पुलिस ने उलसूरगेट के पास घेराबंदी कर बच्चे को सुरक्षित बचा लिया।

कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में सात लोगों की जघन्य हत्या के मामले में गिरफ्तार कैब ड्राइवर इंदुशेखर से पूछताछ के दौरान पुलिस को कई गंभीर जानकारियां मिली हैं। जांच रिपोर्ट के अनुसार, आरोपी का इरादा केवल सात हत्याओं तक सीमित नहीं था, बल्कि उसकी सूची में कुल नौ लोग शामिल थे। इसी योजना के तहत आरोपी ने अपने शिकार बने दंपती शंकर और नलिनी के 10 वर्षीय बेटे को भी अपने पास बंधक बनाकर रखा हुआ था।

तीर्थयात्रा का झांसा देकर बच्चे को कार में घुमाया

जांच में सामने आया है कि आरोपी ने मासूम बच्चे को यह कहकर घर से लिया था कि उसके माता-पिता तीर्थयात्रा पर गए हैं। बच्चे को नंदी हिल्स घुमाने के बहाने कार में बैठाया गया। आरोपी सही मौका देखकर बच्चे को भी नुकसान पहुंचाने की फिराक में था और उसे बार-बार यह भरोसा दिलाता रहा कि वह जल्द ही उसे उसके माता-पिता से मिलवा देगा।

घटनाक्रम के दौरान आरोपी की 17 वर्षीय बेटी भी कार में मौजूद थी। पुलिस पूछताछ में यह तथ्य सामने आया है कि आरोपी ने अपनी नाबालिग बेटी को भी अपराध प्रक्रिया में शामिल कर लिया था और उसके जरिए नंदी हिल्स के पास शवों को ठिकाने लगाने का प्रयास किया गया।

पुलिस की सतर्कता से बची मासूम की जान

बेंगलुरु पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए बुधवार को उलसूरगेट क्षेत्र में विशेष घेराबंदी की और संदिग्ध कैब को रोककर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इस त्वरित कार्रवाई के चलते 10 वर्षीय बच्चे को सुरक्षित बचा लिया गया।

कार्रवाई के बाद बच्चे को राजारामनगर पुलिस थाने लाया गया, जहां उसे उसकी रोती-बिलखती दादी से मिलवाया गया। घटना की वास्तविकता से अनभिज्ञ बच्चे ने अपनी दादी को ढांढस बंधाते हुए खाना खाने का आग्रह किया, जिससे वहां मौजूद पुलिसकर्मी भी भावुक हो गए। पुलिस फिलहाल आरोपी से पूछताछ कर पूरे हत्याकांड की कड़ियों और पृष्ठभूमि की विस्तृत जांच कर रही है।

Read more

Related News