पूर्व आईपीएस अधिकारी काम्या मिश्रा की जेडीयू नेता से मुलाकात, बिहार में राजनीतिक पारी की अटकलें तेज

Share

- Advertisement -

Patna News: बिहार कैडर की पूर्व आईपीएस अधिकारी काम्या मिश्रा ने जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा से मुलाकात की है। इसके बाद उनके राजनीति में आने की अटकलें शुरू हो गई हैं। हालांकि, काम्या मिश्रा ने इसे केवल दीपावली की शिष्टाचार भेंट बताया है। उन्होंने पारिवारिक व्यवसाय संभालने के लिए छह साल की सेवा के बाद पद से इस्तीफा दिया था।

बिहार में अपनी सख्त कार्यशैली के लिए पहचानी जाने वाली पूर्व आईपीएस अधिकारी काम्या मिश्रा एक बार फिर राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बनी हुई हैं। जनता दल यूनाइटेड (JDU) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा के साथ उनकी हालिया तस्वीर सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद यह चर्चा तेज हो गई है कि वह सक्रिय राजनीति में कदम रख सकती हैं। हालांकि, काम्या मिश्रा ने इन अटकलों को खारिज करते हुए इसे केवल दीपावली के अवसर पर की गई एक शिष्टाचार मुलाकात करार दिया है।

22 साल की उम्र में यूपीएससी पास कर बनी थीं आईपीएस

मूल रूप से ओडिशा की निवासी काम्या मिश्रा ने दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रतिष्ठित लेडी श्रीराम कॉलेज से राजनीति विज्ञान में स्नातक की पढ़ाई पूरी की थी। इसके बाद उन्होंने सिविल सेवा की तैयारी की और वर्ष 2019 में महज 22 वर्ष की उम्र में यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा में 172वीं रैंक हासिल की।

शुरुआत में उन्हें हिमाचल प्रदेश कैडर मिला था। वर्ष 2021 में उनका स्थानांतरण बिहार कैडर में हुआ। काम्या मिश्रा के पति अवधेश दीक्षित भी बिहार कैडर के ही आईपीएस अधिकारी हैं। दोनों की पहली मुलाकात प्रशासनिक प्रशिक्षण के दौरान हुई थी। आईआईटी बॉम्बे से बीटेक कर चुके अवधेश दीक्षित वर्तमान में बिहार के गोपालगंज जिले में तैनात हैं। काम्या मिश्रा की पहली पोस्टिंग बिहार सचिवालय में हुई थी, जिसके बाद उन्होंने दरभंगा के ग्रामीण पुलिस अधीक्षक (एसपी) सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर जिम्मेदारियां निभाईं।

छह साल की सेवा के बाद दिया था इस्तीफा

महज छह साल की सेवा के बाद काम्या मिश्रा ने भारतीय पुलिस सेवा से इस्तीफा देकर सभी को चौंका दिया था। सेवा छोड़ने के निर्णय पर उन्होंने स्पष्ट किया था कि वह अपने माता-पिता की इकलौती संतान हैं। उनके परिवार का बड़ा व्यवसाय है, जिसे संभालने और साथ ही पुलिस सेवा की व्यस्त जिम्मेदारियों को एक साथ निभाना बेहद कठिन हो रहा था। इसी संतुलन को बनाए रखने के लिए उन्होंने पद छोड़ने का फैसला किया। पुलिस सेवा छोड़ने के बाद वह वर्तमान में जीएम आयरन एंड स्टील कंपनी में निदेशक के रूप में कार्यभार संभाल रही हैं।

Read more

Related News