Kathmandu News: नेपाल में भोटेकोशी नदी में आई भीषण बाढ़ के बाद एक और बड़ी तबाही का खतरा मंडरा रहा है। चीन के जल संसाधन मंत्रालय ने चेतावनी जारी करते हुए बताया है कि नदियों के संगम पर एक विशाल अवरोधक झील बन गई है, जिसके टूटने का भारी जोखिम बना हुआ है।
झील में 20 लाख घन मीटर पानी ओवरफ्लो
काठमांडू पोस्ट के मुताबिक छोछेन खोला और पुरेपू त्सांगपो नदियों के संगम के निकट बनी इस बैरियर झील में गुरुवार सुबह तक लगभग 20 लाख घन मीटर पानी जमा हो चुका है। क्षमता से अधिक पानी भरने के कारण यह झील किनारों से लगातार ओवरफ्लो हो रही है, जिससे निचला इलाका खतरे में है।
अगले तीन दिनों में भारी जलभराव का खतरा
चीनी अधिकारियों के अनुसार आगामी तीन दिनों में लगभग 30 लाख घन मीटर अतिरिक्त पानी इस अवरोधक झील में पहुंचने की संभावना है। पानी के बढ़ते दबाव की वजह से प्राकृतिक बांध टूटने की गंभीर आशंका जताई गई है। इसके चलते नेपाल और सीमावर्ती निचले इलाकों में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है।