Kathmandu News: नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ के तेज बहाव के बीच एक आम का पेड़ श्रमिक के लिए जीवनदान बन गया। बिदुर इलाके में काम कर रहे नेपाली मजदूर बिबेक कुमाल अचानक आए पानी के तेज सैलाब में बह गए थे। हालांकि, पेड़ की डाल पकड़ने से उनकी जान बच गई।
घटना के समय बिबेक एक नए मकान के बाहर शौचालय का पांच फीट गहरा गड्ढा खोद रहे थे। तभी ऊपर मौजूद उनके चार साथियों ने पानी आते देख शोर मचाया और भागने को कहा। बिबेक जब तक गड्ढे से बाहर निकले, तब तक उनके साथी वहां से निकल चुके थे।
तेज बहाव में बहते समय पेड़ की डाल बनी जीवनरक्षक
काठमांडू के नेशनल ट्रामा सेंटर में भर्ती बिबेक ने बताया कि बाहर निकलते ही तेज सैलाब उन्हें और आसपास के सामान को बहा ले गया। पानी का बहाव इतना तेज था कि भूकंप जैसा झटका महसूस हुआ। किस्मत से वह आम के एक पेड़ पर अटक गए और सुरक्षित बच गए।
बाढ़ के पानी के बीच पेड़ पर फंसे रहने के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला। बिबेक ने कहा कि अगर वह आम का पेड़ नहीं होता, तो वह निश्चित ही पानी के तेज बहाव में बहकर अपनी जान गंवा देते।