Shimla News: हिमाचल प्रदेश कैडर के दो वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों विवेक भाटिया और डॉ. निपुण जिंदल को केंद्र सरकार में नई जिम्मेदारी मिली है। राज्य सरकार ने सोमवार को दोनों अधिकारियों को केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर भेजने का आधिकारिक आदेश जारी कर दिया। दोनों अधिकारी लंबे समय से राज्य में अहम पदों को संभाल रहे थे।
हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार 2011 बैच के आईएएस अधिकारी विवेक भाटिया को केंद्र सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय में निदेशक बनाया गया है। वह वर्तमान में मुख्यमंत्री के प्रधान निजी सचिव-सह-विशेष सचिव और उद्योग विभाग के निदेशक का अतिरिक्त कार्यभार संभाल रहे थे। उनकी यह नियुक्ति 5 साल के लिए हुई है।
आर्थिक कार्य विभाग में डॉ. निपुण जिंदल बने उप सचिव
वहीं 2014 बैच के आईएएस अधिकारी डॉ. निपुण जिंदल को केंद्र सरकार के आर्थिक कार्य विभाग में उप सचिव के पद पर तैनात किया गया है। वर्तमान में वह डिजिटल टेक्नोलॉजी एंड गवर्नेंस विभाग के निदेशक थे। साथ ही उनके पास एचआरटीसी के प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त कार्यभार भी था। उन्हें 4 साल के कार्यकाल के लिए नियुक्त किया गया है।
दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने हिमाचल प्रदेश के कई जिलों में उपायुक्त के रूप में काम किया है। प्रशासनिक अनुभव और कार्यशैली के कारण उन्हें हमेशा महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गईं। केंद्र सरकार ने कुछ समय पहले ही इनकी प्रतिनियुक्ति की अधिसूचना जारी की थी। अब राज्य सरकार ने भी इन्हें कार्यमुक्त करके केंद्र में सेवा देने के आदेश दे दिए हैं।
केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर कार्यरत हिमाचल कैडर के कुल आईएएस अधिकारी
इन दोनों अधिकारियों के केंद्र में जाने के बाद हिमाचल कैडर के कुल 24 आईएएस अधिकारी विभिन्न केंद्रीय मंत्रालयों में प्रतिनियुक्ति पर सेवाएं दे रहे हैं। इनमें अनुराधा ठाकुर, भरत हरबंस लाल खेड़ा, मनीष गर्ग, डॉ. रजनीश, सुभाशीष पंडा, अमनदीप गर्ग, पुष्पेंद्र राजपूत, मीरा मोहंती, प्रियतु मंडल, कदम संदीप बसंत और मानसी सहाय ठाकुर जैसे अनुभवी नाम शामिल हैं।
इसके अलावा रोहन चंद ठाकुर, ललित जैन, ऋग्वेद मिलिंद ठाकुर, डॉ. रिचा वर्मा, पंकज राय, हरिकेश मीणा, देवश्वेता बनिक, कृतिका कुलहरी, आशुतोष गर्ग, अरिंदम चौधरी और निधि पटेल भी केंद्र में कार्यरत हैं। इस बीच आईएएस अधिकारी डॉ. यूनुस और राघव शर्मा ने भी प्रतिनियुक्ति के लिए आवेदन किया है, जिस पर केंद्र विचार कर रहा है।
दूसरी तरफ राज्य सरकार ने सचिव स्तर के अधिकारी सी. पालरासू, अभिषेक जैन और ए. शाइनामोल को केंद्र जाने के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र जारी कर दिया है। हालांकि इन अधिकारियों की नई तैनाती से जुड़े अंतिम आदेश केंद्र सरकार की ओर से आने अभी बाकी हैं। इनके जाने से केंद्र में हिमाचल के अधिकारियों की संख्या और बढ़ जाएगी।