हिमाचल प्रदेश पुलिस आर्केस्ट्रा हार्मनी आफ द पाइन्स में नया विवाद, दो महिला कांस्टेबलों के आरोपों से मचा हड़कंप

Share

- Advertisement -

Shimla News: हिमाचल प्रदेश पुलिस के प्रसिद्ध आर्केस्ट्रा बैंड हार्मनी आफ द पाइन्स में नया विवाद सामने आया है। पुलिस की दो महिला कांस्टेबलों ने विभाग के उच्च अफसरों पर गंभीर आरोप लगाते हुए महिला पुलिस थाना शिमला में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

महिला कांस्टेबलों ने शिकायत में मानहानि, मानसिक उत्पीड़न, आपराधिक धमकी और साजिश रचने के आरोप लगाए हैं। वर्तमान में वे प्रथम हिमाचल आर्म्ड पुलिस वाहिनी जुन्गा में तैनात हैं। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि 29 जुलाई को शिमला के एक होटल में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उनकी भर्ती पर सवाल उठाए गए थे।

- Advertisement -

महिला कांस्टेबलों के मानहानि और उत्पीड़न के आरोप

महिला कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि उन्हें सुनियोजित तरीके से बदनाम किया गया और सार्वजनिक मंचों से उनकी वैधता पर सवाल उठाकर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया। शिकायत में यह भी कहा गया है कि प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान शारीरिक बनावट और वजन को लेकर टिप्पणी की गई, जिसे इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित किया गया।

महिला पुलिस कर्मियों का दावा है कि उन्होंने नशा विरोधी अभियानों और विभिन्न सरकारी कार्यक्रमों में पुलिस का प्रतिनिधित्व किया है। ऐसे में उनकी निष्ठा पर सवाल उठाना न केवल व्यक्तिगत सम्मान बल्कि पूरी चयन प्रक्रिया पर सवाल खड़े करने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ की गई बयानबाजी से उनकी छवि को नुकसान पहुंचा है।

सीआईडी निगरानी की चेतावनी और पुलिस कार्रवाई की मांग

शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि विभागीय जांच के दौरान उन्हें सीआईडी के माध्यम से फोन निगरानी और कॉल रिकॉर्डिंग की चेतावनी दी गई थी। उनसे यह भी कहा गया था कि यदि किसी ने इंस्पेक्टर विजय कुमार का समर्थन किया, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने इंस्पेक्टर से रंजिश के कारण विवाद में घसीटे जाने की बात कही।

दोनों महिला कांस्टेबलों ने कॉल डिटेल रिकॉर्ड, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और डिजिटल रिकॉर्ड की निष्पक्ष जांच करवाने की मांग की है। उन्होंने बीएनएस की धारा 79, 336(4), 61(2) और 356 के तहत मामला दर्ज करने का आग्रह किया। शिमला पुलिस ने मामले को सीसीटीएनएस में दर्ज कर प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है।

- Advertisement -
Right News Desk
Right News Desk
लॉ और पत्रकारिता स्नातक, पत्रकारिता में 11 वर्ष का अनुभव

Read more

Related News