Shimla News: हिमाचल प्रदेश में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शिमला पुलिस को सफलता मिली है। शोघी बैरियर पर नाकेबंदी के दौरान पुलिस की स्पेशल सेल ने दो युवकों को 9 ग्राम चिट्टे के साथ पकड़ा। आरोपियों ने नशा हेलमेट में छिपा रखा था।
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने लगाया विशेष नाका
शिमला पुलिस की टीम शोघी बैरियर पर गश्त और संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान स्पेशल सेल को गुप्त सूचना मिली कि बाइक सवार दो युवक नशे की खेप लेकर गुजरने वाले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत नाका लगाकर वाहनों की जांच शुरू कर दी।
सामने से आ रही बाइक को जब पुलिस ने रुकने का इशारा किया, तो दोनों सवार घबरा गए। संदेह होने पर पुलिस ने युवकों और उनकी बाइक की तलाशी ली। मुख्य आरोपी ध्रुव सलोतरा (23) ने अपने हेलमेट की पैडिंग के अंदर करीब 9 ग्राम चिट्टा बड़ी चालाकी से छिपा रखा था।
एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज, नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस
पुलिस थाना वेस्ट शिमला में दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है। शिमला के एसएसपी गौरव सिंह ने बताया कि पुलिस इस नेटवर्क की जांच कर रही है और यह पता लगा रही है कि नशा कहां से लाया गया था।