Shimla News: उत्तराखंड के ऋषिकेष के पास 17 नवंबर को हुए भीषण बस हादसे में शिमला के गंज बाजार स्थित राधा कृष्ण सनातन धर्म मंदिर के मुख्य पुजारी सुशील पंडित का भी निधन हो गया है। इस दर्दनाक सड़क हादसे में कुल 9 लोगों की जान चली गई है, जबकि 26 अन्य लोग घायल हुए हैं। घर में बेटे की शादी की खुशियों के बीच इस अप्रत्याशित घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
उत्तराखंड के टिहरी जिले में गूलर पुल के पास एक बस के नदी में गिरने से हुए इस बड़े हादसे में जान गंवाने वाले 55 वर्षीय सुशील पंडित मूल रूप से उत्तराखंड के चमोली जिले के गोपेश्वर के रहने वाले थे। वह साल 1995 से शिमला के गंज बाजार स्थित राधाकृष्ण मंदिर में मुख्य पुजारी के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे।
बेटे की शादी से कुछ दिन पहले छाया मातम
परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार, पुजारी सुशील पंडित के बेटे की शादी आगामी 6 दिसंबर 2026 को तय थी। परिवार में शादी की तैयारियां जोरों पर थीं और उन्होंने बड़े स्नेह के साथ परिचितों को निमंत्रण भी दिया था, लेकिन इस अचानक हुए हादसे ने सारी खुशियों को मातम में बदल दिया।
नेताओं और स्थानीय लोगों ने जताया गहरा शोक
इस दुखद समाचार के सामने आने के बाद शिमला में शोक की लहर है। भाजपा नेता और कार्यसमिति के सदस्य संजय सूद ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि ऋषिकेष के पास हुआ यह हादसा समाज और मंदिर परिवार के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को यह दुख सहने की शक्ति देने की ईश्वर से प्रार्थना की है।
इसके अलावा, शिमला की स्थानीय महिलाओं और पड़ोसियों ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। स्थानीय लोगों ने उन्हें एक नेक इंसान, विद्वान ब्राह्मण और बेहतरीन पड़ोसी बताते हुए कहा कि उनके अचानक चले जाने से हर कोई स्तब्ध और व्यथित है।