Shimla News: हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के ठियोग क्षेत्र में पहाड़ी से अचानक गिरे पत्थरों की चपेट में आने से एक कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इस दर्दनाक हादसे में कोटखाई निवासी एक युवक की मौत हो गई, जबकि कार में सवार दूसरा व्यक्ति घायल हुआ है। ठियोग थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह हादसा ठियोग उपमंडल के छैला क्षेत्र के अंतर्गत चेउ नाला में शरमला के समीप पेश आया। मृतक युवक की पहचान संदेश (पुत्र महेंद्र सिंह), निवासी गांव पोहल, डाकघर बखोल, तहसील कोटखाई (जिला शिमला) के रूप में हुई है।
हादसे से ठीक पहले कार से नीचे उतरा था दूसरा व्यक्ति
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, दुर्घटनाग्रस्त कार (पंजीकरण संख्या HP09B-1150) में दो लोग सवार थे। बताया जा रहा है कि हादसे से ठीक पहले एक व्यक्ति किसी कारणवश वाहन से नीचे उतर गया था। इसी दौरान अचानक ऊपर पहाड़ी से भारी पत्थर कार पर आ गिरे।
पत्थरों की चपेट में आने से कार के भीतर मौजूद संदेश के सिर और पीठ पर गंभीर चोटें आईं, जिसके चलते उसकी मौत हो गई। वहीं, इस घटना में दूसरा व्यक्ति घायल हुआ है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच
मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस अधीक्षक (एसपी) गौरव ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और जांच शुरू कर दी है। ठियोग पुलिस थाने में इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की बारीकी से छानबीन कर रही है।