Himachal Pradesh News: हिमाचल प्रदेश में सर्दी का असर तेजी से बढ़ रहा है। जनजातीय क्षेत्रों में रात का तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया गया है, जबकि सुंदरनगर, ऊना और बिलासपुर में न्यूनतम तापमान शिमला से भी कम रहा। मौसम विभाग के अनुसार 25 नवंबर तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन रात की ठंड और बढ़ सकती है।
हिमाचल प्रदेश में सर्दी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। राज्य के जनजातीय इलाकों में रात का तापमान शून्य से नीचे बना हुआ है। वहीं मैदानी क्षेत्रों की रातें भी पहाड़ी राजधानी शिमला से अधिक ठंडी हो गई हैं।
वीरवार को सुंदरनगर, ऊना और बिलासपुर में न्यूनतम तापमान शिमला के मुकाबले कम दर्ज किया गया। सुंदरनगर में रात का तापमान शिमला से 3.6 डिग्री सेल्सियस कम रहा। इसी तरह ऊना में 1.7 डिग्री और बिलासपुर में 1.5 डिग्री सेल्सियस कम तापमान दर्ज किया गया।
25 नवंबर तक मौसम शुष्क, रात की ठंड बढ़ेगी
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में आगामी 25 नवंबर तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। इस दौरान बारिश और बर्फबारी की कोई संभावना नहीं है। विभाग का कहना है कि अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास रह सकता है, लेकिन न्यूनतम तापमान में गिरावट आ सकती है।
मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के न्यूनतम तापमान में औसतन 0.5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई है। हालांकि यह सामान्य से औसतन 0.2 डिग्री सेल्सियस कम बना हुआ है। इस वजह से खासकर जनजातीय और अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में रात के समय ठंड बढ़ने की संभावना है।
विभिन्न स्थानों का न्यूनतम तापमान
वीरवार को जारी रिपोर्ट के अनुसार राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान कुकुमसेरी में माइनस 3.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद केलांग में न्यूनतम तापमान माइनस 1.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
अन्य प्रमुख स्थानों में न्यूनतम तापमान इस प्रकार रहा: मनाली में 2.8, कल्पा में 3.0, सेओबाग में 3.0, बजौरा में 3.4 और भुंतर में 3.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सोलन में 5.0, सुंदरनगर में 5.4, चंबा में 5.8, बरठीं में 6.1 और मंडी में 6.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।
इसके अलावा पालमपुर में 6.5, ऊना में 7.3, बिलासपुर में 7.5, कांगड़ा में 7.9 और भरमौर में 8.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। शिमला में 9.0, जुब्बड़हट्टी में 10.0, नाहन में 11.1, धर्मशाला में 12.0, नेरी में 12.1, सराहन में 15.3 और पांवटा साहिब में 16.0 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया।
राज्य के सात मौसम केंद्रों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया। इनमें पालमपुर में तापमान सामान्य से 2.9 डिग्री और मंडी में 2.5 डिग्री सेल्सियस कम रहा। नाहन और चंबा में तापमान सामान्य से 1.7-1.7 डिग्री कम रहा, जबकि बिलासपुर में 1.5 डिग्री, भुंतर में 0.2 डिग्री और सोलन में 0.1 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया।
दिन में धूप से राहत, रात में जम रहा पानी
गुरुवार को पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहा और अधिकांश हिस्सों में धूप खिली रही। शिमला और मनाली जैसे हिल स्टेशनों में धूप निकलने से दिन के समय मौसम सुहावना बना रहा। मैदानी इलाकों में तेज धूप के कारण दिन में हल्की गर्मी महसूस की गई, लेकिन सूरज ढलने के बाद तापमान गिरने से रातें सर्द हो गईं।
जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति सहित अन्य ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ठंड का असर बढ़ने लगा है। इन इलाकों में झरनों, झीलों और प्राकृतिक जल स्रोतों का पानी जमना शुरू हो गया है।