चश्मा और फोन भूल रहे अमिताभ बच्चन, ब्लॉग में बयां किया दर्द; बोले- 66 साल पुरानी बातें आज भी हैं याद

Share

- Advertisement -

New Delhi News: बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन ने अपने नवीनतम ब्लॉग में बढ़ती उम्र और रोजमर्रा की दिनचर्या से जुड़े अनुभव साझा किए हैं। उन्होंने बताया कि काम के बीच वह अक्सर चश्मा और मोबाइल रखकर भूल जाते हैं, लेकिन 1960 के स्कूल के दिनों की यादें आज भी उनके जेहन में पूरी तरह ताजा हैं।

सदी के महानायक अमिताभ बच्चन ने अपने आधिकारिक ब्लॉग पर एक संवेदनशील नोट साझा करते हुए रोजमर्रा की जिंदगी की अनिश्चितताओं और काम की दिनचर्या पर खुलकर बात की है। बिग बी ने बताया कि व्यस्त दिनचर्या के बीच वे कई बार छोटी-छोटी चीजें भूलने लगे हैं। कभी चश्मा और कभी मोबाइल फोन कहीं रखकर भूल जाते हैं, यहां तक कि कुछ ही घंटे पहले किए गए काम या आगे की योजना भी दिमाग से निकल जाती है। हालांकि, हैरान करने वाली बात यह है कि उन्हें 66 साल पुरानी बातें आज भी पूरी तरह याद हैं।

रूटीन और भूलने की आदत पर बिग बी के विचार

अमिताभ बच्चन ने अपने ब्लॉग में लिखा, ‘…और दिनचर्या में धीरे-धीरे वापसी, काम और अन्य चीजों से भरी एक नियंत्रित जिंदगी… जब आप एक रूटीन में होते हैं तो आपको वह रूटीन याद रहता है… लेकिन जब ऐसा नहीं होता तो रूटीन का भी अपना एक अलग मिजाज बन जाता है… जिसे समझाना मुश्किल है… और यह कभी एक जैसा नहीं रहता.’

अपनी भूलने की आदत का जिक्र करते हुए उन्होंने आगे लिखा, ‘अरे! मैंने अपना चश्मा कहां रख दिया… मोबाइल कहां है… और सबसे अहम बात… मुझे आगे क्या करना था? कुछ घंटे पहले किए गए काम भी जैसे कहीं खो गए हैं… लेकिन 1960 में स्कूल की आठवीं कक्षा की बातें आज भी बिल्कुल साफ याद हैं… 66 साल पहले की बातें जैसे हथेली पर रखी हों… और अब… बस चीजों को ढूंढ़ता रहता हूं!’

प्रशंसकों और दर्शकों का जताया आभार

अमिताभ बच्चन ने इस दौरान अपने प्रशंसकों, हर रविवार ‘जलसा’ के बाहर जुटने वाले शुभचिंतकों और टेलीविजन शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ (केबीसी) के दर्शकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ब्लॉग के जरिए लोगों से जुड़ने के लिए उन्हें कभी कुछ ढूंढ़ना नहीं पड़ता, क्योंकि यह उनकी दिनचर्या की सबसे पहली प्राथमिकता है। उन्होंने लिखा कि प्रशंसकों का निरंतर स्नेह, प्यार और मौजूदगी उनके लिए बेहद खास है और वे सभी के लिए प्रार्थना करते हैं।

केबीसी और आगामी फिल्मों में व्यस्तता

वर्कफ्रंट की बात करें तो अमिताभ बच्चन इन दिनों चर्चित रियलिटी शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ (केबीसी) के मंच पर नजर आ रहे हैं, जहां वे अपनी अनूठी शैली से दर्शकों का मनोरंजन कर रहे हैं। इसके साथ ही, वे फिल्म निर्देशक नाग अश्विन की बहुचर्चित फिल्म ‘कल्कि 2898 एडी’ के सीक्वल की तैयारियों और शूटिंग में व्यस्त हैं, जिसमें प्रभास और कमल हासन जैसे दिग्गज कलाकार भी प्रमुख भूमिकाओं में शामिल हैं।

Read more

Related News