Ahmedabad News: गुजरात के अहमदाबाद में शादी के कुछ महीनों बाद पति की हकीकत सामने आने पर एक महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। महिला का आरोप है कि पति ने शादी से पहले 50 हजार रुपये मासिक वेतन बताया था, जबकि असल कमाई 18 हजार रुपये थी। इसके अलावा पति गंजापन छिपाने के लिए विग पहनता था और दहेज के लिए मारपीट करता था।
अहमदाबाद के नारोल थाना क्षेत्र में वैवाहिक धोखाधड़ी और घरेलू हिंसा का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां रहने वाली 32 वर्षीय महिला ने अपने पति और ससुराल वालों के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए नारोल थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पीड़िता का कहना है कि शादी से पहले पति की योग्यता, वेतन और रूप-रंग को लेकर कई बड़े दावे किए गए थे, जो शादी के बाद झूठे साबित हुए।
मूल रूप से उत्तर प्रदेश की रहने वाली इस महिला का विवाह फरवरी 2026 में एक मैट्रिमोनियल वेबसाइट के जरिए कानपुर के एक युवक से हुआ था। शादी से पहले ससुराल पक्ष ने किसी भी प्रकार के लेन-देन से इनकार किया था, लेकिन बाद में विभिन्न मदों में रुपयों की मांग शुरू कर दी गई।
50 हजार की जगह मिली 18 हजार रुपये सैलरी
शिकायत के अनुसार, विवाह के बाद जब महिला अपने पति के साथ दिल्ली रहने गई, तब उसे सच्चाई का पता चला। शादी से पहले पति की मासिक आय 50 हजार रुपये बताई गई थी, जबकि वास्तव में उसे केवल 18 हजार रुपये ही मिलते थे।
महिला ने यह भी आरोप लगाया कि पति ने अपना गंजापन छिपाने के लिए विग लगा रखी थी। इसके अलावा वह शराब का आदी था और आए दिन नशे में धुत होकर उसके साथ मारपीट करता था। जब महिला इसका विरोध करती थी, तो पति खुदकुशी करने की धमकी देकर उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था। ससुराल वालों से शिकायत करने पर उन्होंने भी बेटे का ही पक्ष लिया।
दहेज और फर्नीचर के पैसों में हेरफेर का आरोप
महिला ने ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न और धोखाधड़ी के भी आरोप लगाए हैं। पीड़िता के मुताबिक, शादी के समय खर्च के अलावा फर्नीचर और अन्य व्यवस्थाओं के लिए नकदी दी गई थी। आरोप है कि यह रकम उसके देवर को दी गई, जिसने अपने दोस्त के क्रेडिट कार्ड से सामान खरीदा और बाकी पैसे निजी खर्चों में उड़ा दिए। जब क्रेडिट कार्ड धारक घर पर पैसे मांगने पहुंचा, तब परिवार में विवाद हुआ। इस मामले में देवर के खिलाफ धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज होने की बात भी सामने आई है।
प्रताड़ना और धमकियों के बाद पुलिस में शिकायत
महिला का आरोप है कि जब वह गर्भवती हुई, तो ससुराल वालों ने उस पर गर्भपात कराने का दबाव बनाया। जुलाई 2026 में पति उसे एक घाट पर छोड़कर चला गया और फोन पर धमकियां देने लगा। ससुराल पक्ष के लोगों ने मायके पहुंचकर दूसरी शादी कराने की धमकी भी दी।
लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर महिला ने आखिरकार नारोल पुलिस स्टेशन का रुख किया। पुलिस ने महिला की तहरीर के आधार पर पति और ससुराल पक्ष के सदस्यों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों पक्षों से पूछताछ और साक्ष्यों की जांच के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।