Ramban News: जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले में जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर भाजपा नेता और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुनील कुमार शर्मा की सुरक्षा में लगी पुलिस एस्कॉर्ट गाड़ी को एक बस ने टक्कर मार दी। इस हादसे में चंद्रकोट के थाना प्रभारी (SHO) समेत चार पुलिसकर्मी घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों की हालत स्थिर बताई गई है।
जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले में जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार को एक सड़क हादसा हो गया। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और भाजपा नेता सुनील कुमार शर्मा के काफिले में शामिल पुलिस एस्कॉर्ट गाड़ी को एक तेज रफ्तार बस ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पुलिस वाहन सड़क पर ही पलट गया। इस दुर्घटना में चंद्रकोट थाना प्रभारी (SHO) समेत चार पुलिसकर्मी घायल हो गए। वहीं, वाहन में सवार भाजपा नेता सुनील कुमार शर्मा और उनके साथ मौजूद अन्य लोग पूरी तरह सुरक्षित हैं।
क्रॉसिंग के पास हुआ हादसा, सीसीटीवी में कैद हुई घटना
घटना के समय भाजपा नेता सुनील कुमार शर्मा श्रीनगर से जम्मू की ओर जा रहे थे। जब उनका काफिला रामबन जिले के चंद्रकोट थाना क्षेत्र अंतर्गत पीड़ा इलाके में पहुंचा, तो सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत चंद्रकोट थाने के एसएचओ इंस्पेक्टर विक्की थापा के नेतृत्व वाली पुलिस गाड़ी उनके एस्कॉर्ट के रूप में शामिल हुई।
इसी दौरान राजमार्ग पर एक क्रॉसिंग के पास एक बस ने अचानक पुलिस वाहन को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे एस्कॉर्ट गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। इस पूरी दुर्घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें बस की सीधी टक्कर के बाद पुलिस का वाहन पलटते हुए दिखाई दे रहा है।
सुनील शर्मा ने काफिला रुकवाकर शुरू कराया बचाव कार्य
हादसा होते ही सुनील कुमार शर्मा ने तुरंत अपना काफिला रुकवा दिया और खुद सुरक्षाकर्मियों के साथ मौके पर राहत व बचाव कार्य में जुट गए। स्थानीय लोगों और काफिले में मौजूद अन्य कर्मियों की मदद से पलटी हुई गाड़ी से घायल पुलिसकर्मियों को बाहर निकाला गया।
घटना पर बात करते हुए सुनील कुमार शर्मा ने बताया कि पुलिस वाहन को काफी नुकसान पहुंचा है, लेकिन गनीमत रही कि सभी पुलिसकर्मी खतरे से बाहर हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की गति काफी तेज रहती है, ऐसे में क्रॉसिंग पॉइंट्स पर चालकों को विशेष सावधानी और सतर्कता बरतने की आवश्यकता है।
घायलों को अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद मिली छुट्टी
दुर्घटना के तुरंत बाद घायल चारों पुलिसकर्मियों को उपचार के लिए जिला अस्पताल रामबन पहुंचाया गया। घायलों में चंद्रकोट के एसएचओ इंस्पेक्टर विक्की थापा भी शामिल थे।
जिला अस्पताल रामबन के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. मोहम्मद रफी वानी ने बताया कि अस्पताल लाए गए चारों पुलिसकर्मियों की हालत स्थिर थी। डॉक्टरों की टीम ने उनकी जरूरी जांच, स्कैन और प्राथमिक उपचार किया। सभी कर्मियों की स्थिति सामान्य पाए जाने के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।