Nainital News: तीन दिन के लंबे वीकेंड के चलते पहाड़ी पर्यटन स्थलों पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। सरोवर नगरी नैनीताल से लेकर शिमला तक सड़कों पर गाड़ियों की लंबी कतारें लगी हैं। अचानक पर्यटकों की संख्या बढ़ने से हिल स्टेशनों की व्यवस्था चरमरा गई है और लोगों को कमरे नहीं मिल रहे हैं।
नैनीताल के लगभग सभी होटल, होम स्टे और गेस्ट हाउस पूरी तरह पैक हो चुके हैं। कमरा न मिलने के कारण कई पर्यटक देर रात तक सड़कों और झील के किनारे इंतजार करने को मजबूर दिखे। पर्यटकों ने शिकायत की है कि कुछ जगहों पर कमरों के लिए 10 से 12 हजार रुपये वसूले जा रहे हैं।
सड़कों पर वाहनों का दबाव बढ़ने से भवाली, कैंची धाम, गरमपानी और कालाढूंगी रोड पर कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया। वहीं हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में भी दिल्ली, पंजाब और हरियाणा से भारी संख्या में पर्यटक पहुंचे हैं। तारादेवी से शिमला के बीच तीन किलोमीटर का सफर तय करने में एक घंटे का समय लगा।
शिमला ट्रैफिक पुलिस के अनुसार पिछले 24 घंटे में शहर में 17 हजार से अधिक वाहन दाखिल हुए, जिनमें 7 हजार से ज्यादा पर्यटकों की गाड़ियां थीं। उधर बद्रीनाथ यात्रा मार्ग पर भी जोशीमठ से विष्णुप्रयाग तक 7 से 9 किलोमीटर लंबा जाम रहा। कालका-शिमला नेशनल हाईवे पर भी गाड़ियां रेंगती नजर आईं।