असम और मणिपुर में सुबह भूकंप के झटके, रिक्टर स्केल पर 4.5 तक रही तीव्रता

Share

- Advertisement -

Guwahati News: पूर्वोत्तर भारत में मंगलवार की अलसुबह दो राज्यों में भूकंप के झटके महसूस किए गए। पहला झटका असम के नगांव में और दूसरा मणिपुर के तमेंगलोंग में आया। दोनों राज्यों में कुछ ही मिनटों का अंतर था। हालांकि, इस घटना में किसी भी तरह के जानमाल का नुकसान नहीं हुआ है।

राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार, असम में सुबह 4 बजकर 23 मिनट पर कंपन हुआ। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 4.5 दर्ज की गई। इसका केंद्र नगांव में जमीन से करीब 33 किलोमीटर नीचे था। जोरदार झटके से गहरी नींद में सोए लोग अचानक जाग गए और डरकर घरों से बाहर सुरक्षित स्थानों पर भागे।

इसके लगभग चार मिनट बाद मणिपुर की धरती हिली। वहां सुबह 4 बजकर 27 मिनट पर भूकंप दर्ज हुआ। इसका केंद्र तमेंगलोंग में जमीन से 12 किलोमीटर अंदर था। रिक्टर पैमाने पर इसकी तीव्रता 2.9 मापी गई। सुबह के समय आए इन झटकों से स्थानीय लोगों में काफी देर तक डर का माहौल बना रहा।

पूर्वोत्तर भारत के बाद अफगानिस्तान में भी धरती कांपी। वहां सुबह 5 बजकर 25 मिनट पर 4.0 तीव्रता का झटका आया। इसका केंद्र जमीन से 103 किलोमीटर गहराई पर था। यह 36.884 अक्षांश और 68.864 देशांतर पर स्थित था। पिछले कुछ समय में वहां लगातार कई झटके दर्ज किए गए हैं, जिससे दहशत फैली है।

Suresh Kumar
Suresh Kumar
क्रिमिनल लॉयर, पत्रकारिता में 13 वर्ष का अनुभव

Read more

Related News