हिमाचल प्रदेश में मॉनसून की विदाई के बाद फिर बदलेगा मौसम, 6 और 7 अक्टूबर को येलो अलर्ट जारी

Share

- Advertisement -

Shimla News: हिमाचल प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून 3 अक्टूबर को विदा हो गया है। इसके बावजूद राज्य में फिर से बारिश और तेज हवाओं का दौर शुरू होने वाला है। मौसम विभाग ने 6 और 7 अक्टूबर को कई जिलों के लिए बारिश, बिजली और तेज हवाओं का येलो अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार 6 अक्टूबर को ऊना, बिलासपुर, चंबा, कांगड़ा, शिमला और सिरमौर में बारिश हो सकती है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी। साथ ही आकाशीय बिजली चमकने और गरज के साथ बौछारें पड़ने की पूरी संभावना जताई गई है।

वहीं 7 अक्टूबर को बारिश का दायरा और ज्यादा बढ़ेगा। इस दिन ऊना, बिलासपुर, चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर में मौसम खराब रहेगा। इन जिलों के अलग-अलग हिस्सों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश हो सकती है और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी।

विभाग ने 6 से 9 अक्टूबर के दौरान ऊंचे इलाकों में हल्की बर्फबारी का पूर्वानुमान जताया है। बारिश और बर्फबारी से पहाड़ी इलाकों में तापमान काफी तेजी से नीचे गिरेगा। इससे सुबह और शाम के वक्त ठंड काफी बढ़ जाएगी और लोगों को गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ेगा।

इसके अलावा 8 अक्टूबर को ऊना, बिलासपुर, सोलन, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला में बारिश का असर दिखेगा। वहीं 9 अक्टूबर को मंडी, शिमला और सिरमौर में बारिश की संभावना है। 10 और 11 अक्टूबर को भी मौसम पूरी तरह साफ नहीं रहेगा, हालांकि इन दिनों के लिए कोई अलर्ट जारी नहीं है।

बता दें कि इस साल मॉनसून सामान्य तिथि 25 सितंबर की बजाय आठ दिन देर से 3 अक्टूबर को विदा हुआ। जून से सितंबर के दौरान राज्य में सामान्य से 11 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई। मौसम के इस अचानक बदलाव से पर्यटन, यातायात और रोजमर्रा के कामकाज पर सीधा असर पड़ सकता है।

मौसम विभाग ने पर्यटकों और स्थानीय निवासियों को सफर के दौरान पूरी सावधानी बरतने की सलाह दी है। तेज हवाओं और बिजली चमकने के समय खुले में या पेड़ों के नीचे न खड़े होने की अपील की गई है। इस बारिश के बाद प्रदेश में ठंड का प्रकोप और बढ़ सकता है।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News