Delhi News: त्यौहारों की शुरुआत के साथ 1 अक्टूबर को आम लोगों और व्यापारियों को महंगाई का झटका लगा है। तेल कंपनियों ने 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम बढ़ा दिए हैं। इससे देशभर में कमर्शियल सिलेंडर 71.50 रुपये तक महंगा हो गया है। हालांकि राहत की बात है कि 14.2 किलो वाले घरेलू सिलेंडर की दरें बिल्कुल स्थिर हैं।
राजधानी दिल्ली में 19 किलो वाला कमर्शियल सिलेंडर 62.50 रुपये बढ़कर 2810 रुपये का हो गया है। सितंबर में इसकी कीमत 2747.50 रुपये थी। वहीं दिल्ली में 14.2 किलो वाला घरेलू रसोई गैस सिलेंडर 942 रुपये की अपनी पुरानी कीमत पर ही मिल रहा है। व्यावसायिक गतिविधियों पर इस बढ़ोतरी का सीधा असर पड़ेगा।
मुंबई में कमर्शियल सिलेंडर 63 रुपये महंगा होकर 2764 रुपये का हो गया है। यहां सितंबर में इसकी कीमत 2701 रुपये थी। मुंबई में घरेलू सिलेंडर का दाम 941.50 रुपये पर स्थिर बना हुआ है। चेन्नई में कमर्शियल सिलेंडर 2983 रुपये का हो गया है, जबकि घरेलू सिलेंडर की कीमत 957.50 रुपये दर्ज की गई है।
बिहार की राजधानी पटना में कमर्शियल सिलेंडर सबसे ज्यादा 71.50 रुपये महंगा हुआ है। अब पटना में इसकी कीमत 3100.50 रुपये हो गई है। पटना में घरेलू सिलेंडर 1031.50 रुपये पर बिक रहा है। लखनऊ में कमर्शियल गैस सिलेंडर 2932.50 रुपये और घरेलू सिलेंडर 979.50 रुपये का हो गया है।
मध्य प्रदेश के भोपाल में कमर्शियल सिलेंडर 2815 रुपये और घरेलू सिलेंडर 947.50 रुपये में मिल रहा है। गुजरात के अहमदाबाद में कमर्शियल गैस 2831.50 रुपये और घरेलू गैस 949 रुपये की हो गई है। तमिलनाडु के कन्याकुमारी में कमर्शियल सिलेंडर 3046 रुपये और घरेलू गैस सिलेंडर 1026 रुपये का हो गया है।
अरुणाचल प्रदेश के तवांग में कमर्शियल सिलेंडर 3073.50 रुपये का है। यहां घरेलू सिलेंडर का रेट 1007.50 रुपये है। लद्दाख के लेह में कमर्शियल सिलेंडर 64.50 रुपये की बढ़त के साथ 3450 रुपये पर पहुंच गया है, जो देश में सबसे महंगा है। लेह में घरेलू सिलेंडर की कीमत 1179 रुपये तय की गई है।
एलपीजी की दरें अंतरराष्ट्रीय बेंचमार्क और विदेशी मुद्रा की विनिमय दर के आधार पर तय होती हैं। हालांकि सरकार घरेलू 14.2 किलो वाले सिलेंडर के दाम नियंत्रित रखती है। सरकार तेल विपणन कंपनियों को निर्देश देकर आम घरेलू उपभोक्ताओं को अंतरराष्ट्रीय बाजार में होने वाले उतार-चढ़ाव और अचानक मूल्य वृद्धि के असर से बचाती है।
केंद्र सरकार पात्र उपभोक्ताओं के बैंक खाते में सीधे एलपीजी सब्सिडी ट्रांसफर करती है। वर्तमान नियमों के अनुसार प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के लाभार्थियों को विशेष राहत मिलती है। योजना के तहत 14.2 किलो वाले सिलेंडर पर 300 रुपये प्रति सिलेंडर की दर से साल में अधिकतम 12 रिफिल पर लक्षित सब्सिडी का प्रावधान किया गया है।