Kalimpong News: पश्चिम बंगाल के कलिम्पोंग जिले में छुट्टियां मनाने आए एक नवविवाहित जोड़े के साथ दर्दनाक हादसा हो गया। एक निजी रिसॉर्ट में बारबेक्यू के दौरान अचानक आग का बड़ा गोला बनने से नवविवाहिता गंभीर रूप से झुलस गई। यह दिल दहला देने वाली पूरी घटना होटल के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
चोपड़ा क्षेत्र के निवासी समीर दास अपनी पत्नी निकिता के साथ घूमने के लिए सिटोंग पहुंचे थे। दोनों की शादी को महज दो महीने का समय बीता था। फुटेज में दंपती आग के पास बैठा दिखता है। तभी एक व्यक्ति ने आग तेज करने के लिए कैन से कोई ज्वलनशील लिक्विड डाल दिया।
लापरवाही से भड़की आग की लपटें, बचाने दौड़े पति और अन्य लोग
तरल पदार्थ डालते ही आग अचानक विकराल हो गई और उसकी लपटें सीधे निकिता पर जा गिरीं। आग में घिरते ही वह जमीन पर गिरकर तड़पने लगीं। उन्हें बचाने के लिए पति समीर दास तुरंत आगे दौड़े। तरल डालने वाले शख्स ने भी कपड़े से आग बुझाने का प्रयास किया।
हादसे के बाद परिसर में अफरा-तफरी मच गई और अन्य पर्यटकों ने मिलकर आग पर काबू पाया। गंभीर रूप से झुलसी निकिता को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। इस घटना ने निजी रिसॉर्ट्स में खुली आग के नजदीक खतरनाक केमिकल के इस्तेमाल और सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।