Hassan News: कर्नाटक के हसन जिले में एक दर्दनाक मामला सामने आया है। यहां सकलेशपुर के एक लॉज में बेंगलुरु निवासी 23 साल की वर्षा की अचानक मौत हो गई। वह अपने कज़िन और दोस्त के साथ घूमने आई थी। पुलिस ने मामले में अप्राकृतिक मौत का केस दर्ज कर जांच शुरू की है।
हसन के पुलिस सुपरिटेंडेंट के अनुसार वर्षा 11 सितंबर को सकलेशपुर पहुंची थी। नहाने जाने से पहले उसने चॉकलेट खाई थी। इसके बाद जब वह बाथरूम की तरफ बढ़ रही थी, तभी अचानक जमीन पर गिर पड़ी। मौके पर मौजूद साथी तुरंत मदद के लिए आगे आए, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी।
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच और पूछताछ
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मृतका के शरीर पर किसी भी तरह की बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं। पुलिस ने वर्षा के साथ यात्रा कर रहे दोनों लोगों से पूछताछ की है। वर्षा के परिजनों को उसकी इस यात्रा की पूरी जानकारी पहले से थी। यह इलाका बेंगलुरु से 190 किलोमीटर दूर है।
स्थानीय पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत की असली वजह का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी एंगल से इस पूरे मामले की बारीकी से जांच कर रही है और रिपोर्ट का इंतजार है।