Dehradun News: त्रिपुरा के 24 वर्षीय छात्र एंजेल चकमा की हत्या के मामले में देहरादून पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने नेपाल में छिपे मुख्य आरोपी यज्ञराज अवस्थी के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी करवा दिया है।
दिसंबर महीने में हुई इस घटना के बाद से ही आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर है। देहरादून पुलिस ने उस पर पहले ही 1 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा है। अब रेड कॉर्नर नोटिस से प्रत्यर्पण की राह आसान होगी।
आपसी विवाद में हुई थी हत्या, पुलिस ने नस्ली हमले के दावों को नकारा
यह दुखद घटना देहरादून के सेलाकुई क्षेत्र में 9 दिसंबर को घटी थी। हमले में गंभीर रूप से घायल एंजेल चकमा ने इलाज के दौरान 26 दिसंबर को अस्पताल में दम तोड़ दिया था। इस हमले में उसका छोटा भाई भी घायल हुआ था।
शुरुआती दौर में नस्लभेदी टिप्पणी की बातें सामने आई थीं, लेकिन जांच के बाद पुलिस ने इसे खारिज कर दिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी भी पीड़ित पक्ष के मूल क्षेत्र से जुड़े हैं और हत्या का कारण आपसी झगड़ा था।
पांच आरोपी हो चुके हैं गिरफ्तार, नेपाल सरकार से पत्राचार जारी
विकासनगर के सीओ अनुज कुमार ने बताया कि संबंधित केंद्रीय एजेंसियों के माध्यम से नेपाल सरकार के साथ पत्राचार कर प्रत्यर्पण की कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। जल्द ही आरोपी को भारत वापस लाने की उम्मीद है।
मामले में पुलिस ने कुल छह आरोपियों को नामजद किया था। मुख्य आरोपी को छोड़कर बाकी पांच को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। पकड़े गए आरोपियों में दो नाबालिग भी शामिल थे, जिन्हें हाल ही में जमानत मिली है।