ऑनलाइन गेमिंग के जरिए दोस्ती कर नाबालिग को भगाने वाला आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने हिमाचल से किशोरी को सकुशल छुड़ाया

Share

- Advertisement -

Nanakmatta News: ऑनलाइन गेमिंग के दौरान हुई जान-पहचान एक नाबालिग किशोरी को घर से करीब एक हजार किलोमीटर दूर हिमाचल प्रदेश ले गई। लगभग दो महीने से लापता 17 वर्षीय किशोरी को ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत नानकमत्ता पुलिस ने हिमाचल से सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।

नानकमत्ता पुलिस के अनुसार, किशोरी 16 जून 2026 को घर से बिना बताए अचानक गायब हो गई थी। परिजनों की शिकायत पर 25 जून को कोतवाली नानकमत्ता में मुकदमा दर्ज हुआ। इसके बाद थाना प्रभारी संजय पाठक के नेतृत्व में उपनिरीक्षक राजेंद्र पंत को मामले की विस्तृत जांच सौंपी गई।

पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से सुराग जुटाए। जांच में सामने आया कि किशोरी की दोस्ती ऑनलाइन गेम के जरिए आरोपी से हुई थी। आरोपी ने उसे बातों में बहलाया और अपने साथ हिमाचल ले गया। पुलिस ने दबिश देकर आरोपी को धर दबोचा।

पकड़ा गया आरोपी 19 वर्षीय हर्ष ठाकुर उर्फ निखिल है। वह मूल रूप से हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर का निवासी है और वर्तमान में उत्तम नगर, दिल्ली में रह रहा था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया है। किशोरी को परिजनों के सुपुर्द करने की प्रक्रिया जारी है।

Right News Desk
Right News Desk
लॉ और पत्रकारिता स्नातक, पत्रकारिता में 11 वर्ष का अनुभव

Read more

Related News