Lucknow News: राजधानी लखनऊ के नगराम क्षेत्र से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां ट्रैफिक पुलिस द्वारा बिना हेलमेट बाइक चला रहे संविदा बिजलीकर्मी का 6 हजार रुपये का चालान काटने से नाराज कर्मचारियों ने नगराम थाने और दो पुलिस चौकियों की बिजली आपूर्ति ठप कर दी।
सोमवार शाम लेसा उपकेंद्र के संविदाकर्मी अमरेंद्र, दीपक और शत्रोघन लाल पेट्रोलिंग के लिए निकले थे। समेसी इंदिरा नहर पुल के पास चेकिंग कर रहे दरोगा अनुज भाटी ने चालान काट दिया। इससे नाराज कर्मचारियों ने तुरंत विभागीय बकाये की फाइलें खंगालीं और भारी-भरकम पेंडिंग बिल मिलने पर पुलिस परिसरों का कनेक्शन काट दिया।
3.5 लाख रुपये के बकाये का हवाला देकर काटी गई बिजली
बिजली विभाग के आंकड़ों के मुताबिक नगराम थाने पर लगभग 3.5 लाख रुपये, जबकि हरदोइया पुलिस चौकी और देवीखेड़ा पुलिस बूथ पर करीब 1.5-1.5 लाख रुपये का बिल बकाया था। बकाये का हवाला देते हुए शाम करीब 6:18 बजे कर्मचारियों ने पूरे परिसर की बिजली बंद कर दी, जिससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
बिजली कटने के बाद संविदा कर्मचारी अपने मोबाइल बंद कर चले गए। रात साढ़े नौ बजे तक थाने और चौकियां अंधेरे में डूबी रहीं और सरकारी काम प्रभावित रहा। बाद में समेसी उपकेंद्र के जेई आशीष कुमार ने दूसरी टीम को मौके पर भेजकर देर रात बिजली आपूर्ति दोबारा बहाल कराई।
चालान काटने वाले दरोगा को फटकार, चालान वापस लेने का निर्देश
मामले की गंभीरता को देखते हुए नगराम थाना प्रभारी अंजनी कुमार सिंह ने त्वरित कार्रवाई की। उन्होंने चालान काटने वाले दरोगा अनुज भाटी को कड़ी फटकार लगाई और काटा गया चालान वापस कराने के निर्देश दिए। अधिकारियों के हस्तक्षेप और समन्वय के बाद ही स्थिति सामान्य हो सकी।
लखनऊ में पुलिस और बिजली विभाग के बीच इस तरह की तनातनी पहले भी देखने को मिली है। वर्ष 2019 में मलिहाबाद और अक्तूबर 2020 में गोमती नगर तथा आशियाना क्षेत्र में भी चालान काटे जाने से नाराज लाइनमैनों ने बकाये का रिकॉर्ड निकालकर पुलिस चौकियों और थानों की बत्ती गुल कर दी थी।