Bengaluru News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को बेंगलुरु स्थित स्वामी विवेकानंद योग अनुसंधान संस्थान (एस-व्यास) के आवासीय मुख्यालय परिसर ‘प्रशांति कुटीरम’ के स्वर्ण जयंती समारोह को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भारत की पहल के कारण योग आज वैश्विक स्तर पर लोकप्रिय है और भारत को समझने का माध्यम बन गया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को बेंगलुरु में स्वामी विवेकानंद योग अनुसंधान संस्थान (एस-व्यास) के आवासीय मुख्यालय परिसर ‘प्रशांति कुटीरम’ के स्वर्ण जयंती समारोह में शिरकत की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भारत की पहल के कारण ही योग आज दुनियाभर में लोकप्रिय हुआ है। उन्होंने बताया कि अब यह भारत को समझने का एक माध्यम बन चुका है और कई शाही परिवार भी इसके प्रति पूरी तरह समर्पित हैं।
विदेश यात्राओं के अनुभव किए साझा
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत के प्रयासों की वजह से ही आज पूरी दुनिया ‘अंतरराष्ट्रीय योग दिवस’ मनाती है। अपनी विदेश यात्राओं का अनुभव साझा करते हुए उन्होंने कहा, “मैं जिस भी देश में जाता हूं, लोग दोपहर या रात के भोजन के दौरान मुझसे योग के बारे में चर्चा करते हैं।” उन्होंने बेंगलुरु में योग की अद्भुत ऊर्जा का अनुभव करने की बात भी कही।
कर्नाटक की योग परंपरा और डॉ. राजकुमार का जिक्र
समारोह के दौरान प्रधानमंत्री ने कर्नाटक की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को याद किया। उन्होंने कहा कि कर्नाटक वह भूमि है, जहां योग से जुड़े कई गुरुओं और विद्वानों का जन्म हुआ है। इस अवसर पर उन्होंने कन्नड़ सिनेमा के दिग्गज कलाकार डॉ. राजकुमार का भी जिक्र किया और बताया कि वह भी नियमित रूप से योगाभ्यास करते थे।
नई परियोजनाओं की रखी आधारशिला
स्वर्ण जयंती समारोह के मौके पर प्रधानमंत्री ने संस्थान से जुड़ी दो महत्वपूर्ण परियोजनाओं का भी शुभारंभ किया। उन्होंने डिजिटल माध्यम से ‘गोल्डन जुबली एडमिन ब्लॉक’ की आधारशिला रखी। इसके साथ ही, उन्होंने केरल के तिरुवनंतपुरम में एस-व्यास के ऑफ-कैंपस केंद्र की भी औपचारिक शुरुआत की।