दुर्गा पूजा और कांवड़ यात्रा पर टिप्पणी को लेकर विवादों में घिरे सपा सांसद डॉ. एसपी सिंह पटेल, जानें कौन हैं वे

Share

- Advertisement -

Pratapgarh News: उत्तर प्रदेश की प्रतापगढ़ लोकसभा सीट से समाजवादी पार्टी के सांसद डॉ. एसपी सिंह पटेल का एक पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में वे दुर्गा पूजा और कांवड़ यात्रा को लेकर टिप्पणी करते नजर आ रहे हैं। बयान सामने आने के बाद भारतीय जनता पार्टी ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव से जवाब मांगा है।

    प्रतापगढ़ से समाजवादी पार्टी (सपा) के सांसद डॉ. एसपी सिंह पटेल अपने एक बयान को लेकर राजनीतिक विवादों में घिर गए हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में वे दुर्गा पूजा, मूर्ति विसर्जन और कांवड़ यात्रा की परंपराओं पर सवाल उठाते दिखाई दे रहे हैं। इस वीडियो के सामने आने के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सपा नेतृत्व पर तीखा हमला बोला है।

    वायरल वीडियो में क्या बोले सपा सांसद

    रिपोर्ट के अनुसार, यह वायरल वीडियो प्रतापगढ़ रेलवे स्टेशन का बताया जा रहा है, जो कुछ दिन पुराना है। वीडियो में सांसद स्थानीय लोगों से बातचीत करते हुए कहते हैं कि लोग दुर्गा माता की प्रतिमा खरीदकर लाते हैं, नौ दिनों तक पूजा करते हैं और फिर एक सप्ताह बाद उसे गंदे नाले में फेंक आते हैं। उन्होंने सवाल किया कि ऐसा करने से देवी मां आशीर्वाद देंगी या श्राप।

    सांसद ने इस परंपरा को ढोंग बताते हुए इसे बंद करने की अपील की। इसके साथ ही उन्होंने कांवड़ यात्रा पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि इसे बंद किया जाना चाहिए। उन्होंने लोगों को सलाह दी कि गांव के मंदिर में ही भगवान भोलेनाथ को जल चढ़ाकर आशीर्वाद लिया जा सकता है और 50-50 किलोमीटर पैदल चलने से केवल पैरों में छाले पड़ते हैं।

    कौन हैं सपा सांसद डॉ. एसपी सिंह पटेल?

    डॉ. एसपी सिंह पटेल समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता हैं और वर्तमान में उत्तर प्रदेश की प्रतापगढ़ लोकसभा सीट से सांसद हैं। उन्होंने 2024 के लोकसभा चुनाव में सपा के टिकट पर जीत हासिल की थी।

    लोकसभा पहुंचने से पहले भी वे उत्तर प्रदेश की राजनीति में सक्रिय रहे हैं। वे दो बार उत्तर प्रदेश विधान परिषद के सदस्य (एमएलसी) रह चुके हैं। उनका पहला कार्यकाल 5 मई 2002 से 4 मई 2008 तक और दूसरा कार्यकाल 5 मई 2008 से 4 मई 2014 तक रहा।

    भाजपा ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव से मांगा जवाब

    सांसद के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा प्रवक्ता प्रियंक पांडे ने समाजवादी पार्टी को घेरा। उन्होंने कहा कि एक ओर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव अयोध्या में रामलला के दर्शन करने की बात करते हैं, वहीं दूसरी ओर उनकी पार्टी के सांसद सनातन धर्म के आयोजनों पर इस तरह की टिप्पणी कर रहे हैं।

    प्रियंक पांडे ने 1990 में मुलायम सिंह यादव के मुख्यमंत्रित्व काल में कारसेवकों पर हुई गोलीबारी की घटना का उल्लेख करते हुए अखिलेश यादव से सवाल किया कि क्या वे अपने सांसद के बयान से सहमत हैं। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि सपा प्रमुख को इस मामले में अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए।

    Read more

    Related News