वृंदावन के कथावाचक इंद्रदेव महाराज पर दुष्कर्म के आरोप में एफआईआर दर्ज, जांच शुरू

Share

- Advertisement -

Mathura News: वृंदावन के कथावाचक डॉ. इंद्रदेव महाराज पर महाराष्ट्र की एक महिला ने दुष्कर्म, यौन शोषण और अश्लील वीडियो कॉल करने का आरोप लगाया है। महाराष्ट्र के ठाणे स्थित काशीमीरा थाने में जीरो एफआईआर दर्ज होने के बाद मामला जांच के लिए वृंदावन स्थानांतरित कर दिया गया है।

    वृंदावन के चर्चित कथावाचक डॉ. इंद्रदेव महाराज के खिलाफ दुष्कर्म और यौन शोषण के गंभीर आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है। महाराष्ट्र की रहने वाली एक महिला की शिकायत पर ठाणे जिले के काशीमीरा पुलिस थाने में जीरो एफआईआर दर्ज की गई थी, जिसे अब आगे की कार्रवाई के लिए वृंदावन कोतवाली स्थानांतरित कर दिया गया है। दूसरी ओर, इस प्रकरण के सामने आने के बाद निरंजनी अखाड़े द्वारा उन्हें महामंडलेश्वर पद से निष्कासित किए जाने की बात भी सामने आ रही है।

    दीक्षा लेने के बाद शोषण और धमकी देने का आरोप

    शिकायतकर्ता महिला के अनुसार, वर्ष 2023 में मुंबई के सांताक्रूज में आयोजित एक सत्संग के दौरान उसकी मुलाकात सेवाधाम आश्रम से जुड़े इंद्रदेव महाराज से हुई थी। इसके बाद महिला ने उनसे दीक्षा ली। महिला का आरोप है कि पारिवारिक समस्याओं के समाधान के नाम पर वह संपर्क में आई थी, जहां कथित तौर पर उसका शारीरिक शोषण किया गया।

    शिकायत में कहा गया है कि दिसंबर 2023 में महिला अपनी बेटियों के साथ वृंदावन स्थित सेवाधाम आश्रम आई थी। आरोप है कि रात करीब 10:30 बजे उसे कमरे में बुलाकर दरवाजा बंद किया गया और उसके साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए गए। महिला ने अश्लील वीडियो कॉल करने तथा 17 जून 2026 को फोन पर धमकी देने का भी आरोप लगाया है। उसने पुलिस को ऑडियो रिकॉर्डिंग और अन्य साक्ष्य सौंपने की बात कही है।

    वृंदावन कोतवाली को सौंपी गई मामले की जांच

    वृंदावन के क्षेत्राधिकारी (सीओ) संदीप सिंह ने बताया कि काशीमीरा थाने में दर्ज जीरो एफआईआर की ऑनलाइन प्रति वृंदावन कोतवाली पहुंच गई है। मामले की जांच उप निरीक्षक अशेष कुमार को सौंपी गई है।

    पुलिस ने बयान दर्ज कराने के लिए शिकायतकर्ता महिला से संपर्क किया है। अधिकारियों के अनुसार, महाराष्ट्र पुलिस से मूल पत्रावली प्राप्त होने के बाद जांच की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा।

    आश्रम के सेवादारों ने आरोपों को बताया निराधार

    एफआईआर दर्ज होने के बाद से कथावाचक इंद्रदेव महाराज का कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। राधा किशोरी आश्रम में मौजूद सेवादारों ने महिला के सभी आरोपों को निराधार बताया है। सेवादारों का दावा है कि जो ऑडियो रिकॉर्डिंग सामने आई है, वह एआई (कृत्रिम बुद्धिमत्ता) की मदद से तैयार की गई है और पुलिस जांच में सच्चाई सामने आ जाएगी।

    Read more

    Related News