1999 में जब मुलायम सिंह यादव के एक फैसले से रुक गया था सोनिया गांधी के प्रधानमंत्री बनने का रास्ता

Share

- Advertisement -

Lucknow News: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की हलचल और सपा-कांग्रेस के संभावित गठबंधन की चर्चाओं के बीच 1999 का एक पुराना राजनीतिक घटनाक्रम फिर चर्चा में है। अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार गिरने के बाद सोनिया गांधी ने 272 सांसदों के समर्थन का दावा किया था, लेकिन ऐन वक्त पर मुलायम सिंह यादव के समर्थन वापस लेने से वे प्रधानमंत्री नहीं बन सकी थीं।

    उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज हो गई हैं। पिछले 10 वर्षों से सत्ता से बाहर चल रही समाजवादी पार्टी (सपा) आगामी चुनाव में कांग्रेस के साथ गठबंधन में उतरने की तैयारी कर रही है। इस बीच, कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद सोनिया गांधी से जुड़े पुराने राजनीतिक किस्सों पर फिर से चर्चा शुरू हो गई है। इन्हीं में सबसे प्रमुख किस्सा 1999 का है, जब सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव के कदम से सोनिया गांधी के प्रधानमंत्री बनने की राह रुक गई थी।

    272 सांसदों का दावा और मुलायम सिंह का यू-टर्न

    1998 में अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में एनडीए की सरकार बनी थी। 1999 में जयललिता की पार्टी द्वारा समर्थन वापस लेने के बाद वाजपेयी सरकार अल्पमत में आकर गिर गई। इसके बाद तत्कालीन कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने विभिन्न विपक्षी दलों से बातचीत कर 272 सांसदों का समर्थन जुटाने का दावा किया। उस समय मुलायम सिंह यादव ने भी उन्हें समर्थन देने का भरोसा दिया था।

    सोनिया गांधी 23 अप्रैल को 272 सांसदों की सूची के साथ राष्ट्रपति के समक्ष नई सरकार बनाने का दावा पेश करने वाली थीं। हालांकि, इससे ठीक एक दिन पहले 22 अप्रैल की शाम को राजनीतिक समीकरण बदल गए और मुलायम सिंह यादव अपने वादे से पीछे हट गए।

    जया जेटली के आवास पर हुई थी गुप्त बैठक

    भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी ने अपनी आत्मकथा ‘माई कंट्री, माई लाइफ’ में इस घटनाक्रम का विस्तार से उल्लेख किया है। आडवाणी के अनुसार, 22 अप्रैल की देर शाम समाजवादी नेता जॉर्ज फ़र्नांडीस ने मुलायम सिंह यादव को इस बात के लिए राजी कर लिया कि वे सोनिया गांधी के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार को समर्थन न दें।

    इसके बाद जॉर्ज फ़र्नांडीस ने आडवाणी को फोन कर बताया कि विपक्ष के एक बड़े नेता उनसे मिलना चाहते हैं। यह बैठक न तो आडवाणी के आवास पर हुई और न ही फ़र्नांडीस के घर पर। इसके लिए जया जेटली का आवास तय किया गया। जया जेटली स्वयं आडवाणी को अपनी निजी गाड़ी से अपने घर लेकर गईं, जहां जॉर्ज फ़र्नांडीस के साथ मुलायम सिंह यादव पहले से मौजूद थे।

    इस बैठक में मुलायम सिंह यादव ने स्पष्ट किया कि वे किसी भी स्थिति में सोनिया गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस की सरकार नहीं बनने देंगे और अपनी पार्टी के 20 सांसदों का समर्थन नहीं देंगे। इसके बदले उन्होंने शर्त रखी कि भाजपा भी सरकार बनाने का दावा पेश नहीं करेगी और लोकसभा भंग कर मध्यावधि चुनाव कराए जाएंगे। आडवाणी ने यह शर्त स्वीकार कर ली, जिसके चलते सोनिया गांधी का प्रधानमंत्री बनने का रास्ता बंद हो गया।

    2004 में बच्चों की चिंता और बाद के वर्षों में सपा का सहयोग

    2004 के लोकसभा चुनाव में यूपीए को बहुमत मिलने के बाद भी सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री पद स्वीकार नहीं किया था। चर्चाओं के अनुसार, उनके दोनों बच्चे राहुल गांधी और प्रियंका गांधी नहीं चाहते थे कि वे यह पद संभालें। इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की हत्या के बाद उन्हें अपनी मां की सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता थी।

    हालांकि, 1999 में सोनिया गांधी के प्रधानमंत्री बनने का विरोध करने वाले मुलायम सिंह यादव ने बाद के वर्षों में कई अहम मौकों पर कांग्रेस और गांधी परिवार का साथ दिया। उन्होंने उत्तर प्रदेश की रायबरेली और अमेठी लोकसभा सीटों पर सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ कभी भी समाजवादी पार्टी का उम्मीदवार नहीं उतारा।

    इसके अलावा, 2008 में जब तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली यूपीए सरकार अमेरिका के साथ परमाणु समझौते को लेकर संकट में थी और वाम दलों ने समर्थन वापस ले लिया था, तब मुलायम सिंह यादव आगे आए थे। उन्होंने सरकार में शामिल हुए बिना बाहर से समर्थन देकर मनमोहन सिंह सरकार को गिरने से बचाया था।

    Read more

    Related News