Meerut News: मेरठ में एक्सिस बैंक के करेंसी चेस्ट में विभिन्न शाखाओं से आई नकदी की जांच के दौरान 4.63 लाख रुपये से अधिक के जाली नोट पकड़े गए हैं। चेस्ट प्रबंधक की शिकायत पर सिविल लाइंस थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब पूरे रैकेट की कड़ियां तलाशने में जुट गई है।
बैंक शाखाओं से चेस्ट में पहुंचे 1323 जाली नोट
प्राथमिकी के अनुसार, 1 दिसंबर 2024 से 31 दिसंबर 2025 के बीच विभिन्न बैंक शाखाओं से भेजी गई नकदी की पड़ताल हुई थी। जांच में 500, 200, 100 और 50 रुपये मूल्य वर्ग के कुल 1,323 जाली नोट मिले, जिनकी कीमत 4,63,650 रुपये आंकी गई। प्रबंधक सरताज सिंह ने इसकी शिकायत एसएसपी से की थी।
पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की कई गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। जांच अधिकारी उपनिरीक्षक दिलीप सेंगर पूरे घटनाक्रम की छानबीन कर रहे हैं। एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि जाली नोट किन शाखाओं के माध्यम से चेस्ट तक पहुंचे, इसका पता लगाने के लिए गहन जांच जारी है।