आगरा में 17 घंटे बाद जीवित हुई महिला ने 9 दिन बाद तोड़ा दम, परिजनों ने अस्पताल पर लगाए लापरवाही के गंभीर आरोप

Share

- Advertisement -

Agra News: उत्तर प्रदेश के आगरा में डॉक्टरों द्वारा मृत घोषित किए जाने के 17 घंटे बाद जीवित हुई 65 वर्षीय शीला देवी ने आखिरकार दम तोड़ दिया। जिंदगी और मौत से 9 दिनों तक चली लंबी लड़ाई के बाद रविवार को उनका निधन हो गया। इसके बाद परिजनों में कोहराम मच गया है।

मां की मौत के बाद उनके बेटे ने आगरा के पार्क हॉस्पिटल पर इलाज में भारी लापरवाही बरतने और 5 लाख रुपये का मनमाना बिल थमाने का आरोप लगाया है। यह मामला आगरा की ट्रांस यमुना कॉलोनी से सामने आया है। महिला लंबे समय से सांस की बीमारी से परेशान थीं।

मृत घोषित करने के बाद हुई थी हलचल

बरेली के एक निजी अस्पताल के डॉक्टरों ने 30 जुलाई को शीला देवी को मृत घोषित कर दिया था। परिजन पार्थिव शरीर को आगरा ले आए थे और अंतिम संस्कार की तैयारियां पूरी हो चुकी थीं। तभी अंतिम दर्शन के दौरान दामाद द्वारा पैर छूने पर उनके शरीर में हलचल महसूस हुई थी।

इसके बाद शीला देवी की आंखें खुलीं और उन्होंने परिजनों से बात भी की। इसके तुरंत बाद परिजन उन्हें आगरा के घटिया आजम खां स्थित पार्क हॉस्पिटल ले गए, जहां उनका 9 दिनों तक इलाज चला। लेकिन रविवार को अचानक तबीयत बिगड़ने से उनका निधन हो गया, जिससे परिवार टूट गया है।

अस्पताल प्रशासन और दवाओं पर उठे सवाल

मृतका के बेटे संजीव, जो खुद बदायूं के एक अस्पताल में काम करते हैं, ने पार्क हॉस्पिटल पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि अस्पताल में मरीजों को घटिया और लोकल ब्रांड की दवाइयां दी जा रही थीं। साथ ही नर्सिंग स्टाफ मरीजों की देखभाल में भारी लापरवाही बरत रहा था।

पीड़ित परिवार का आरोप है कि महज 9 दिनों के इलाज के लिए उनसे लगभग 5 लाख रुपये वसूले गए। संजीव ने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। वे जल्द ही जिलाधिकारी और मुख्यमंत्री से मिलकर अस्पताल प्रशासन के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराएंगे।

प्रशासनिक जांच का इंतजार

संजीव ने इलाज से जुड़े सभी मेडिकल दस्तावेजों और दी गई दवाओं की जांच कराने की मांग की है। हालांकि, इन गंभीर आरोपों पर फिलहाल पार्क हॉस्पिटल प्रशासन की तरफ से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। अब प्रशासनिक जांच के बाद ही सच सामने आ सकेगा।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News