राजस्थान में फिर रफ्तार पकड़ेगा मानसून, जयपुर और कोटा समेत कई संभागों में भारी बारिश की चेतावनी जारी

Share

- Advertisement -

Jaipur News: राजस्थान में मानसून एक बार फिर रफ्तार पकड़ने जा रहा है. मौसम विभाग के अनुसार बुधवार से कोटा, जयपुर और भरतपुर संभाग के इलाकों में बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी. राज्य के दक्षिण-पूर्वी और पूर्वी भागों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है.

मौसम केंद्र के अनुसार उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और पश्चिम बंगाल-उत्तरी ओडिशा तट पर एक नया वेदर सिस्टम बना है. इस मौसमी तंत्र के प्रभाव से पूरे राजस्थान में मानसूनी बारिश तेज होगी. बुधवार से कोटा, भरतपुर, जयपुर, अजमेर, उदयपुर और बीकानेर संभाग में बारिश का दायरा बढ़ेगा.

30 जुलाई से 2 अगस्त तक सक्रिय रहेगा मानसून

मौसम विभाग ने बताया कि 30 जुलाई से 2 अगस्त के दौरान पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान में मानसून पूरी तरह सक्रिय रहेगा. इस दौरान राज्य के अधिकांश हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश दर्ज की जाएगी. वहीं कुछ स्थानों पर अति भारी बारिश की चेतावनी भी जारी की गई है.

पश्चिम राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभाग के इलाकों में भी मानसून की गतिविधियां दोबारा शुरू होंगी. इस दौरान पश्चिमी जिलों के कई हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश होने का अनुमान है. इससे राज्य के तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी.

मालपुरा में हुई सबसे अधिक 117 मिमी बारिश

बुधवार सुबह 8:30 बजे खत्म हुए 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश दर्ज हुई. मौसम विभाग के मुताबिक मालपुरा में सबसे ज्यादा 117 मिलीमीटर बारिश हुई. इसके बाद टोंक में 103 मिमी और जायल में 101 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है.

Right News Desk
Right News Desk
लॉ और पत्रकारिता स्नातक, पत्रकारिता में 11 वर्ष का अनुभव

Read more

Related News